दावेदारों से ज्यादा राजनीतिक पार्टियों में ऊहापोह की स्थिति

अयोध्या : नगरीय निकाय चुनाव में नवसृजित नगर पंचायत कुमारगंज में दावेदारों से ज्यादा राजनीतिक दलों में ऊहापोह की स्थिति है। सभी दलों के सामने जिताऊ प्रत्याशी का संकट खड़ा है। अभी तक यहां कोई भी राजनीतिक दल प्रत्याशी फाइनल नहीं कर सका है।नवसृजित नगर पंचायत कुमारगंज, अकमा, बवां, पिठला, शिव नाथपुर एवं अमांवा छीटन राजस्व गांव को मिलाकर सृजित की गई है। जिसमें नगर पंचायत सृजन के पूर्व ग्राम पंचायत अकमा के लल्लन पांडे, बवां से बलवंत सिंह उर्फ बबलू , पिठला से विजय पाल सिंह तथा बवां से विजय कुमार उपाध्याय ग्राम प्रधान होते रहे हैं या की ग्राम पंचायत की राजनीति इन्हीं लोगों के इर्द-गिर्द केंद्रित रही। नगर पंचायत चुनाव के लिए चेयरमैन पद के लिए विजय कुमार उपाध्याय, लल्लन पांडे, विजय पाल सिंह, बलवंत सिंह उर्फ बबलू सिंह, भगवती सिंह, राजन पांडे, चंद्रबली सिंह  बैजनाथ वैश्य मैदान में उतरने के लिए आतुर हैं।

दलगत दृष्टिकोण से देखा जाए तो अब तक भाजपा से विजय कुमार उपाध्याय व व्यापारी नेता बैजनाथ वैश्य दावेदारी कर रहे हैं। वहीं भाजपा के जिला उपाध्यक्ष चंद्रबली सिंह स्वयं भाजपा प्रत्याशी होने की दावेदारी कर रहे हैं। कांग्रेस से विजय पाल सिंह, सपा से विकास सिंह उर्फ छोटू सिंह दावेदारी कर रहे हैं। दूसरी ओर मित्रसेन यादव के खास कहे जाने वाले भगवती सिंह के बसपा से दावेदारी कर रहे हैं। अकमा ग्राम पंचायत से प्रधान रहे लल्लन पांडेय की राजनीतिक पृष्ठभूमि कांग्रेसी रही है। वह भी दावेदारों की सूची में शामिल हैं।

वहीं सबसे अलग समाजसेवी राजन पांडेय ने निर्दल चुनाव लड़ने की घोषणा पहले ही कर दी है और इनकी जमीनी पकड़ पहले से ही मजबूत मानी जाती है। कुमारगंज नगर पंचायत में उन्हें एक सशक्त प्रत्याशी के तौर पर देखा जा रहा है। ग्राम बवां के निवर्तमान ग्राम प्रधान रहे बलवंत सिंह उर्फ बबलू सिंह भी दावेदार हैं।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.