रसोई गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी बंद होने से उपभोक्ताओं में मच रही है हाय-तौबा
सिरौली गौसपुर,बाराबंकी : तहसील क्षेत्र में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी बंद होने से उपभोक्ताओं को नाकों चने चबाने पड़ रहे हैं। एक एक रसोई गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं में हाय-तौबा मची हुई है।
जबकि परिषदीय विद्यालयों में गैस उपलब्ध न होने पर बच्चों को परोसे जाने वाले (एमडीएम)भोजन पर भी सकंट पैदा हो गया है। इस सकंट को देखते हुए शिक्षक नेताओं का कहना है कि उपजिलाधिकारी स्तर से सभी विद्यालयों में गैस सिलेंडर आपूर्ति के लिए विशेष नीति अपनाई जानी चाहिए।
इन दिनों खजूरी विद्या मोहन एचपी गैस एजेंसी सहित सभी गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने के लिए लोगों को घंटों लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए स्वयं एजेंसी पर आना पड़ रहा है। यहां बुकिंग के बाद ओटीपी मैसेज के माध्यम से गैस का वितरण किया जा रहा है। तहसील क्षेत्र की सभी गैस एजेंसियों पर यही व्यवस्था लागू है।
इससे पूर्व कस्बा बदोसराय में गैस एजेंसियों द्वारा बनाए गए सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) केंद्रों पर भी गैस पहुंचाई जाती थी। लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है। इस कारण एजेंसियों पर भीड़ बढ़ गई है, जिससे उपभोक्ताओं को गैस लेने में और अधिक कठिनाई हो रही है।
इस स्थिति को देखते हुए उप जिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तेजस के ने बुधवार दोपहर में गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। उन्होंने एजेंसी संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी उपभोक्ता को परेशानी न हो। पूर्ति निरीक्षक सुनील कुमार लगातार गैस एजेंसियों की निगरानी कर रहे हैं।
वहीं भयारा एचपी गैस के मैनेजर विनोद कुमार ने बताया कि बुकिंग का समय बढ़ा दिया गया है, जिसे उपभोक्ता ठीक से समझ नहीं पा रहे हैं, एजेंसी पर गैस का वितरण किया जा रहा है, जल्द ही सीएससी केंद्रों पर भी गैस का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.