भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती 15 नवंबर तक होंगे भव्य कार्यक्रम
बैतूल : जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के निर्देशानुसार भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को वर्ष 2021 से जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में वर्ष 2025 में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के समापन अवसर पर 15 नवम्बर 2025 तक जिलेभर में विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवधि में जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान तथा जनजातीय समाज की गौरवशाली ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को याद किया जा रहा है। कार्यक्रमों के तहत भगवान बिरसा मुंडा, टंट्या मामा, शंकर शाह–रघुनाथ शाह, रानी दुर्गावती, शहीद भीमा नायक, माता शबरी आदि जनजातीय महानायकों के जीवन चरित्र पर आधारित गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य श्री विवेक पांडे ने बताया कि जिले के समस्त हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और विशिष्ट विद्यालयों में निबंध, भाषण, चित्रकला तथा क्विज प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी नायकों के योगदान से परिचित कराना और जनजातीय गौरव, परंपराओं तथा संघर्ष की प्रेरणादायक कहानियों से अवगत कराना है। 15 नवंबर को मुख्य कार्यक्रम के साथ पांचवे जनजातीय गौरव दिवस का समापन सम्मानपूर्ण और उत्सवपूर्ण वातावरण में किया जाएगा।
रिपोर्टर : पियूष शर्मा

No Previous Comments found.