ग्राम लादी में आयोजित रात्रि चौपाल में कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
बेतुल : आमला क्षेत्र के ग्रामों के सघन भ्रमण के पश्चात कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने ग्राम लादी में रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं। चौपाल में विभिन्न ग्रामों से पहुंचे ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, आंगनवाड़ी, खाद वितरण, निर्माण कार्यों एवं योजनाओं के लाभ से संबंधित समस्याएं रखीं, जिनके निराकरण के लिए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
स्व-सहायता समूह की महिलाओं के प्रयासों की सराहना
चौपाल के दौरान कलेक्टर डॉ सोनवणे ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर झाड़ू निर्माण, बकरी पालन, सब्जी उत्पादन, डोना-पत्तल निर्माण जैसी गतिविधियों की जानकारी ली। महिलाओं द्वारा आजीविका भवन की मांग रखे जाने पर उन्होंने प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के लाभार्थियों की जानकारी लेते हुए श्रम विभाग द्वारा ग्रामीणों को योजना की उपयोगिता एवं लाभों की जानकारी दी गई।
पेयजल समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
ग्रामीणों द्वारा पेयजल संकट की समस्या उठाए जाने पर कलेक्टर डॉ सोनवणे ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से जानकारी ली। विभाग द्वारा बताया गया कि समस्या समाधान के लिए कुएं निर्माण का कार्य प्रगतिरत है। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत कोठिया के ग्राम चिकलार सहित आसपास के ग्रामों में पेयजल समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद सीईओ को पंचायत मद से बोरिंग एवं मोटर संबंधी समस्याओं का निराकरण कर पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्याप्त राशि उपलब्ध होने के बावजूद पेयजल समस्या बनी रहना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खराब पानी की शिकायतों का भी प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
सड़क, बिजली एवं निर्माण कार्यों की हुई समीक्षा
ग्राम कोठिया से बीसी घाट तक कच्चे मार्ग की समस्या पर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत पुलिया सहित सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। ग्राम लादी से सारणी मार्ग के लिए वन विभाग की अनुमति संबंधी विषय पर भी चर्चा की गई। ग्राम चिकलार में 10 ग्रामों में विद्युत समस्या के समाधान के लिए एमपीईबी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही लादी उप स्वास्थ्य केंद्र में बिजली समस्या का भी तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
हितग्राहियों की समस्याओं का किया समाधान
कुंदन यादव एवं आस्थाराम द्वारा बकरी पालन के लिए ऋण सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर कलेक्टर डॉ सोनवणे ने पशुपालन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जब्बू यादव को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत पर तहसीलदार को जांच कर लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों द्वारा चेकडैम, पुलिया निर्माण एवं नल-जल योजना के कार्यों में अनियमितता तथा राशि आहरण के बावजूद कार्य अधूरे होने की शिकायत पर अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत को जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
आंगनवाड़ी केंद्र के हैंडओवर नहीं होने पर जताई नाराजगी
ग्राम चुरनादही में नव निर्मित आंगनवाड़ी भवन का हैंडओवर नहीं होने की शिकायत पर कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कर भवन हस्तांतरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधूरे कार्यों पर पूर्णता प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जाए तथा दोषी इंजीनियरों पर कार्रवाई कर वसूली की जाए। ग्राम गोपालढाना में आंगनवाड़ी केंद्र नियमित नहीं खुलने की शिकायत पर संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सुपरवाइजर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सीडीपीओ को सभी आंगनवाड़ी केंद्रों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
खाद वितरण एवं किसान समस्याओं पर दिए निर्देश
खाद की उपलब्धता के संबंध में उप संचालक कृषि द्वारा जानकारी दी गई कि ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से किसानों को आवश्यकता अनुसार खाद उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिक दर पर खाद विक्रय की शिकायतों पर कलेक्टर ने एसडीएम को संबंधित निजी विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। फॉर्मर आईडी नहीं बनने की शिकायतों के निराकरण के भी निर्देश दिए गए।
अधिकारियों की लगाई गई थी ड्यूटी
कलेक्टर डॉ. सोनवणे द्वारा ग्रामीण समस्याओं के निराकरण के लिए कोठिया, देवीपिपरिया, ठानी, जमदेहीखुर्द, रातेड़ाकला, जमदेहीकला, खापा खातेड़ा, छाबल, तोरणवाड़ा, बारंगबाड़ी, लादी, बोरीखुर्द एवं परसौड़ी ग्राम पंचायतों के लिए जिला अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। अधिकारियों द्वारा ग्राम भ्रमण कर समस्याओं का संकलन किया गया, जिनकी विस्तृत समीक्षा रात्रि चौपाल में कर समाधान के निर्देश दिए गए।
देवीपिपरिया में आंगनवाड़ी केंद्र पर भोजन निर्माण नहीं होने की शिकायत पर संबंधित समूह को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूल पहुंच मार्ग एवं कुछ घरों में नल कनेक्शन नहीं होने की समस्याओं के निराकरण के निर्देश भी दिए गए।
रात्रि चौपाल में एसडीएम श्री शैलेंद्र बड़ोनिया, अतिरिक्त सीईओ श्रीमती इंदिरा महतो, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज हुरमाड़े, जनपद सीईओ सहित पशुपालन, श्रम, जल संसाधन, कृषि एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता : संदीप वाईकर

No Previous Comments found.