स्कूल में शौचालय नहीं, नदी किनारे जा रहे बच्चे, जर्जर भवन में पढ़ाई का खतरा

बैतूल : ग्राम नढ़ा के प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए बारिश का मौसम परेशानी के साथ खतरा भी लेकर आता है। स्कूल में बालिकाओं के लिए शौचालय नहीं है। ऐसे में छात्राओं को शौच के लिए बाहर जाना पड़ता है। स्कूल के पास ही नदी है। बारिश तेज होने पर नदी में बाढ़ आ जाती है। ऐसे में बच्चों के नदी की ओर जाने से हादसे का खतरा बना रहता है। बच्चों और स्कूल की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी के जिला उपाध्यक्ष विशाल भालेकर के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि स्कूल में बालकों के लिए बने शौचालय में भी पानी और निकासी की समस्या है। मूत्रालय की निकासी नहीं होने से परेशानी बनी हुई है। वहीं बालिकाओं के लिए अलग शौचालय नहीं होने से उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। पार्टी ने स्कूल में बालिका शौचालय बनाने की मांग की है। स्कूल की रसोई का मामला भी लंबे समय से अटका हुआ है। वर्ष 2012 में रसोई भवन का निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन आज तक पूरा नहीं हुआ। रसोई नहीं होने से स्कूल में भोजन बनाने में परेशानी होती है। पार्टी ने निर्माण से जुड़े मामले की जांच कराने और गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

इधर, स्कूल भवन की हालत भी चिंता बढ़ाने वाली है। बारिश में छत और कॉलम से पानी कमरों में टपकता है। पानी भरने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। पुराने स्कूल भवन का छज्जा भी जर्जर हो चुका है और उसके गिरने का खतरा बना हुआ है। पार्टी का कहना है कि कई बार बच्चे इस क्षतिग्रस्त भवन के आसपास चले जाते हैं। ऐसे में हादसा होने से पहले भवन की स्थिति की जांच कर जरूरी कार्रवाई की जानी चाहिए। आप जिला उपाध्यक्ष विशाल भालेकर ने कहा कि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। शौचालय, रसोई और भवन जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान लंबे समय से नहीं हुआ है। प्रशासन को मौके पर जाकर स्थिति देखनी चाहिए और बच्चों के लिए सुरक्षित व्यवस्था करनी चाहिए। इस दौरान ज्ञापन सौंपने जिला संयुक्त सचिव अशोक सोनारे, कैलाश बेले, किसान प्रकोष्ठ जिला संगठन मंत्री अरविंद गीद, जिला उपाध्यक्ष निरंजन भालेकर, वरिष्ठ नेता श्रीराम मानकर, भगवानदास चढ़ोकार, यूथ विंग जिला संगठन मंत्री आशीष ठाकरे, जिला संयुक्त सचिव मुकेश चढ़ोकार, युवा नेता विजय दवन्डे, राहुल पाटनकर, आयुष पाटनकर और भावेश कनाठे सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

रिपोर्टर : संदीप वाईकर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.