परिजनों ने लगाई बंदिश तो प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर दे दी जान

बांका जिला अंतर्गत कटोरिया थाना क्षेत्र के बसमत्ता पंचायत अंतर्गत बदासन गांव के एक प्रेमी जोड़े ने गांव के बगल सरुआजोर के समीप जामुन के पेड़ से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कटोरिया पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतक प्रेमी युगल गांव के दशरथ यादव का 20 वर्षीय पुत्र डबलू कुमार एवं अनिल यादव की 18 वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी बताई गई है। बताया जा रहा है कि दोनों प्रेमी-प्रेमिका लंबे समय से एक-दूसरे से प्यार करते थे। लेकिन दोनों के परिजन उनके प्यार को स्वीकार करने को राजी नहीं थे। क्योंकि दोनों प्रेमी रिश्ते में चचेरे भाई बहन थे। युवक बंगलोर में रहकर मजदूरी का काम करता था। 

चार-पांच दिन पूर्व वह घर आया था। रविवार को युवक की शादी का रिश्ता तय करने के लिए मेहमान उसके घर आने वाले थे। लेकिन साथ जीने-मरने की कसम खा चुके प्रेमी जोड़े शनिवार देर रात ही घर से फरार हो गए। घर से गायब होने की जानकारी मिलने पर दोनों के परिजनों ने काफी खोजबीन की। लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। 

इधर, रविवार सुबह किसी ग्रामीण ने पेड़ से लटके शव को देखकर पंचायत के मुखिया सच्चिदानंद यादव को घटना की सूचना दी। मुखिया द्वारा जानकारी मिलते ही कटोरिया थानाध्यक्ष नीरज तिवारी, अनि महेश झा, सअनि विपिन यादव ने सदलबल मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इधर घटना को लेकर दोनों मृतकों के परिजनों ने थाना में यूडी केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

रिपोर्टर: राकेश कुमार बच्चू 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.