जमीनी विवाद में हुई गोलीबारी में युवक घायल

समस्तीपुर : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के  बंबईया गांव में आपसी जमीनी विवाद को लेकर मंगलवार की अहले सुबह दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प मारपीट तथा गोलीबारी में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। जबकि एक अन्य महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। इस हिंसक झड़प में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं गोलीबारी में जख्मी हुए युवक को विभूतिपुर सीएससी में इलाज के लिए लाया गया।

गोली लगने से घायल युवक की पहचान राम सुदिन महतो के पुत्र राजेश कुमार के रूप में की गई है। इस घटना से नाराज लोगों ने सिंघिया से दलसिंहसराय जाने वाली एस एच 88 को दाहु चौक के पास जाम कर दिया, जिससे घंटों यातायात बाधित रही। आने जाने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लोगों को अन्य मार्ग का सहारा लेना पड़ा। इस घटना के संबंध में बताया जाता है कि गांव के ही श्याम सिंह पेट्रोल पंप बनाने के लिए भूमि में मिट्टी भरवा रहे थे। बगल के ही भूमिस्वामी रामसेवक महतों को लगा की श्याम सिंह के द्वारा उनके भी निजी भूमि में मिट्टी की भराई करवा दी गई है।

रामसेवक महतो के द्वारा भूमि की अमानत करवाई गई तो मिट्टी भरी गई कुछ भूमि रामसेवक का निकला। अमानत में निकले उक्त भूमि पर रामसेवक ने सोमवार को झोपड़ी खड़ी कर दी। लोगों ने बताया कि मंगलवार की सुबह श्याम सिंह के लोगों ने बनाए गए झोपड़ी को आग के हवाले कर दिया गया। इस आग लगने की घटना से आक्रोशित रामसेवक महतो के समर्थक वहां पहुंचकर इसका विरोध करने लगे इसी बात पर श्याम सिंह के समर्थक और रामसेवक के समर्थक आपस में भिड़ गए। आपसी मामूली विवाद मारपीट में तब्दील हो गई।

देखते ही देखते गोलीबारी भी होने लगी। श्याम सिंह के समर्थकों के द्वारा चलाई गई गोली राजेश कुमार को लग गई। गोली लगने के बाद घायल राजेश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना की सूचना विभूतिपुर पुलिस को दी गई। विभूतिपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर खाली खोखे बरामद किया और सड़क जाम किए लोगों को समझा-बुझाकर जाम को समाप्त करवाया। विभूतिपुर थाना अध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से आवेदन प्राप्त नहीं हुई है पुलिस मामले की छानबीन करते हुए कार्रवाई में जुट गई है।

रिपोर्टर : राजेश कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.