बारीपुर मन्दिर परिसर में नवग्रह वाटिका तथा चेरो में पंचवटी वाटिका में अतिथियों, जन प्रतिनिधियों द्वारा लगाए गए पौधे

आज पूरे जनपद में बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत जगह-जगह वृक्ष लगाये गये। जनपद में इस अभियान के तहत आज 25 लाख 73 हजार 9 सौ पौधे रोपित किए गए। ग्राम पंचायत बारीपुर एवं चेरो में इस कार्यक्रम के लिये शासन से नामित नोडल अधिकारी/ विशेष सचिव वित्त प्रकाश बिन्दु ने जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन एवं जनप्रतिनिधियों के साथ सिरकत कर वृक्षारोपण किया।

ग्राम पंचायत बारीपुर में हनुमान मन्दिर परिसर में किए गए वृक्षारोपण के मुख्य अतिथि बरहज बिधायक सुरेश तिवारी सहित अन्य सभी अतिथियों ने ‘‘नव ग्रह वाटिका’’ का पूजन अर्चन, फीता काटकर शुभारम्भ करने के साथ पौध रोपण किए।

मुख्य अतिथि विधायक श्री तिवारी ने कहा कि वृक्षों को लगाने के साथ उसका   संरक्षण भी जरुरी है। उन्होने इसका सत्यापन कराये जाने पर बल दिया। उन्होने सभी से वृक्ष लगाये जाने, उसका संरक्षण पुत्रो की तरह करने हेतु प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जो व्यक्ति पौधा लगाना चाहता हो और धनराशि आडे आ रही हो, तो मुझसे सम्पर्क करें। मै उसे पौधे उपलब्ध करारुंगा। उन्होने यह भी कहा कि पौधरोपण के पश्चात् अगले साल जो व्यक्ति यह बतायेगा कि मै इतना वृक्ष बचा लिया हूॅ, तो मेरे तरफ से उसे पुरस्कृत भी किया जायेगा।

नोडल अधिकारी श्री बिन्दु ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान को जन आन्दोलन का रुप देना चाहिए तथा सभी को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के लिये शासन एवं प्रशासन का सहयोग करते हुए वृक्ष लगाना चाहिये। उन्होने कहा कि हमारे संस्कृति व प्रकृति का अनुपम तालमेल है। यहां  वृक्षो, पशुओं व पहाडों की पूजा होती है। वृक्षो को हम देवता के रुप में मानते हुए पूजते है। वृक्ष का मनुष्यो से गहरा रिश्ता है। यह हमें प्राणवायु देती है। जलवायु में हो रहा परिवर्तन वृक्षो में कमी का संकेत है, जो हम सभी के लिये एक बडा खतरा है। उन्होने कहा कि वृक्षारोपण में सभी की भागीदारी बढ-चढ कर होनी चाहिये एवं इस संदेश को जन-जन तक पहुॅचाये जाने का कार्य किया जाना चाहिये। उन्होने सभी विभागो को लक्ष्यपूर्ति के लिए पूरे मनोयोग से सांस्कृतिक व नैतिक कर्तव्य समझते हुए उसे पूरा करना चाहिए।

जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने कहा कि वृक्षारोपण के लिए जन अन्दोलन आजादी के बाद से ही शुरु हो चुका है। शासन व तंत्र इसे और दिशा देने का कार्य कर रहा है। पूरे प्रदेश में 30 करोड का लक्ष्य निर्धारित है। उन्होने अधिक से अधिक पेड़ो को लगाये जाने के साथ पर्यावरण एवं अपने शरीर व आने वाले पीढ़ी के लिये उपयुक्त वातावरण तय किए जाने हेतु कार्य किए जाने पर बल दिया। उन्होने कहा कि नर्सरियों में पौधो की कोई कमी नही है। लक्ष्य से अधिक पौधे तैयार कराए गए है और अच्छी कार्य योजना बनायी गयी है। उन्होने सभी से अपने जीवन के लिये एक-एक पौधा अवश्य ही लगाए जाने एवं इस महा अभियान में साक्षी बनने की अपेक्षा की। आशा व्यक्त की कि सभी प्रकृति को संरक्षित करने का कार्य करेगें।

गन्ना विकास उपाध्यक्ष नीरज शाही ने सभी से अपील किया कि 10-10 पौधे लगाये जाने का संकल्प लें, इस अभियान से सभी अपने को जोडे। इस अभियान को सफल करने में अपनी भागीदारी के साथ ‘‘एक वृक्ष 10 पुत्र समान’’ को सार्थक बनायें।

ग्राम पंचायत चेरो में मुख्य अतिथि सलेमपुर सांसद रविन्द्र कुशवाहा ने जीवन में पेडो के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए आह्वान किया कि वृक्ष हमारे जीवन के लिये प्राणवायु देते है। साथ ही हमारे जीवन के लिये उनकी अन्य कार्यो में काफी उपयोगिताएं है। हम उन्हे आध्यात्मिक धार्मिकताओं के दृष्टिकोण से देवताओं का वास होने की मान्यता देते हुए उन्हे पूजते है। उन्होने सभी से वृक्ष लगाये जाने की अपील की।

सलेमपुर विधायक काली प्रसाद ने भी कहा कि वृक्षारोपण का यह महा अभियान हम सभी के जीवन एवं पर्यावरण को संरक्षित करने के लिये विशेष रुप से चलाया गया है। हम सभी को आगे आकर वृक्ष लगाना चाहिये और पर्यावरण को संतुलित करने में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।    

मुख्य विकास अधिकारी शिव शरणप्पा जी एन ने कहा कि अपने स्थानीय मृदा क्षमता के अनुसार पौधो को लगाने में उसका चयन करना चाहिए तभी वे संरक्षित होगें। उन्होने लगाए गए पौधो का संरक्षण भी किये जाने, उसका देखभाल पुत्रो के भांति किए जाने पर बल दिया। जनपद के नर्सरियों में लगभग 46 लाख पौधे तैयार है, जो लक्ष्य से काफी अधिक है। इस जनपद को 30 लाख 88 हजार पौध रोपण का लक्ष्य आवंटित है।

ग्राम पंचायत चेरो में स्थापित  पंचवटी वाटिका में नोडल अधिकारी, डीएम, सीडीओ, सलेमपुर सांसद, सलेमपुर विधायक काली प्रसाद आदि ने वृक्षारोपण किया। इन दोनो वृक्षारोपण के कार्यक्रम स्थलो में अतिथियों को स्वागत पुष्पगुच्छ प्रदान कर किया गया तथा बारीपुर हनुमान मन्दिर के महन्थ गोपाल दास जी ने रामचरित्र मानस भेट कर तथा अंग वस्त्र ओढा कर अतिथियों को स्वागत किया। ग्राम बारीपुर में कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत राज अधिकारी आंनद प्रकाश तथा ग्राम पंचायत चेरो के कार्यक्रम का संचालन अशोक कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया।

प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी डी एन राय ने बताया कि आज के निर्धारित लक्ष्य से अधिक 25 लाख 73 हजार 9 सौ पौधे लगाये गये। जनपद के निर्धारित पूरे वृक्षारोपण सत्र के लक्ष्य 30.88 लाख के सापेक्ष आज 25 लाख से अधिक पौधे लगाकर एक ही दिन इस अभियान के तहत लक्ष्य की पूर्ति 83.35 प्रतिशत कर दी गयी है। शेष लगभग 5 लाख की पूर्ति अन्य दिनो में लक्षित विभागों द्वारा कर दी जायेगी।  

बारीपुर आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम सदर सौरभ सिंह, डीपीओ कृष्णकान्त राय, बांस गांव सांसद प्रतिनिधि अंगद तिवारी, विजय दूबे एवं अन्य संबंधित अधिकारी व प्रबुद्धजन तथा ग्राम पंचायत चेरो के कार्यक्रम में एसडीएम सलेमपुर ओम प्रकाश, डीपीआरओ आनंद प्रकाश, बीडीओ सुधा सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी, डीएफओ डीएन राय, बलवन्त कुशवाहा सहित अन्य प्रबुद्धजन, ग्रामवासी गण आदि उपस्थित रहे।

संवाददाता: दुर्गेश जायसवाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.