समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त, लापरवाही पर थमेंगे शिक्षकों के इंक्रीमेंट
देवास : कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों (TL) के निराकरण और अंतरविभागीय समन्वय की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी सहित तमाम जिला अधिकारी मौजूद थे,जबकि विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली जुड़े।बैठक में कलेक्टर ने निर्माण कार्यों,आगामी मानसून की तैयारियों, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कड़े निर्देश जारी किए।
नामांकन में लापरवाही पर गाज: शिक्षकों की रुकेगी वेतन वृद्धि
जिले में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के नामांकन की स्थिति बेहद निराशाजनक पाए जाने पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने डीपीसी (जिला परियोजना समन्वयक) को तत्काल निर्देश दिए कि हर विकासखंड में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले बॉटम 5 शिक्षकों को दो-दो वेतन वृद्धि (Increment) रोकने संबंधी नोटिस जारी किए जाएं।
घटिया निर्माण बर्दाश्त नहीं, अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी, पीआईयू,पीएमजीएसवाय, डब्ल्यूआरडी और आरईएस जैसे निर्माण विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि सभी प्रगतिरत कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। अधिकारी लगातार फील्ड मॉनिटरिंग करें। निरीक्षण के दौरान यदि गुणवत्ता में कमी पाई गई, तो सीधे संबंधित अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई होगी। इसके साथ ही नगर निगम क्षेत्र, जल निगम, सांसद व विधायक निधि के कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मानसून को लेकर अलर्ट: बोट संचालन पर प्रतिबंध,जर्जर भवन ढहाए जाएंगे
आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए कलेक्टर ने आपदा प्रबंधन और जनसुरक्षा के लिए पुख्ता रणनीति बनाने के निर्देश दिए:
पुल-पुलियों की सूची: जिले के ऐसे सभी पुल-पुलियों को चिन्हित करने को कहा गया है,जहां बारिश में पानी भर जाता है, ताकि वहां सुरक्षा व्यवस्था की जा सके। बाढ़ की तैयारी: होमगार्ड को पिछले वर्षों के डेटा के आधार पर बाढ़ संभावित क्षेत्रों (विशेषकर नर्मदा किनारे) के लिए अभी से तैयारियां करने और अमले को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए। सख्त पाबंदी: बरसात के मौसम में बोट संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी। सभी एसडीएम को पुराने डूबने वाले स्थलों की सूची बनाकर सुरक्षा पुख्ता करने को कहा गया है। जर्जर भवन: जिले के सभी जर्जर भवनों का सर्वे कर उन्हें तत्काल तोड़ने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य एवं स्वच्छता: क्लोरिनेशन और फॉगिंग अनिवार्य
जल जनित बीमारियां: पीएचई विभाग को लगातार पानी के सैंपल लेने और क्लोरिनेशन करने के निर्देश दिए गए।
डेंगू-मलेरिया पर वार: स्वास्थ्य विभाग को संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा गया है। नगर निगम, नगर परिषदों और ग्राम पंचायतों में अनिवार्य रूप से फॉगिंग कराई जाएगी। सभी पंचायतों से इसकी रिपोर्ट भी तलब की गई है।
नल-जल योजनाएं: काम न करने वाले ठेकेदारों पर कसें शिकंजा
कलेक्टर ने नल-जल योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि जो काम अधूरे हैं, उन्हें ठेकेदारों से कहकर जल्द पूरा कराएं। काम में ढिलाई बरतने वाले ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए। जो योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, उन्हें तत्काल पंचायतों को हैंडओवर कर प्रमाणीकरण और जल कर संग्रहण का कार्य शुरू किया जाए।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
पौधारोपण अभियान वन विभाग,नगर निगम और जनपद पंचायतें ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करें और इसकी प्रविष्टि तत्काल पोर्टल पर दर्ज करें। जन कल्याणकारी योजनाएं: प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना, पीएम/सीएम किसान सम्मान निधि, संबल योजना और पात्रता पर्ची से जुड़ी सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण कर पात्र नागरिकों को लाभान्वित किया जाए। इस महत्वपूर्ण बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंशु जावला, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
रिपोर्टर : साजिद पठान
No Previous Comments found.