दुर्ग में चिकित्सा की बड़ी उपलब्धि आरोग्यम सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल में तीसरी बार सफल किडनी ट्रांसप्लांट

दुर्ग : दुर्ग शहर में चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है। आरोग्यम सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने एक बार फिर अपनी विशेषज्ञता साबित करते हुए तीसरी बार सफल किडनी ट्रांसप्लांट कर मरीज को नया जीवन दिया है। इस सफल ऑपरेशन ने न सिर्फ एक परिवार में खुशियां लौटाईं, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि अब दुर्ग में ही जटिल किडनी रोगों का आधुनिक इलाज संभव है।

बालोद जिले के 37 वर्षीय उमेश साहू पिछले करीब एक वर्ष से गंभीर किडनी बीमारी से जूझ रहे थे। उनकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि उन्हें नियमित रूप से डायलिसिस कराना पड़ रहा था। ऐसे कठिन समय में डॉक्टरों ने किडनी ट्रांसप्लांट की सलाह दी। बेटे की जिंदगी बचाने के लिए उसकी मां शकुन बाई बिना किसी हिचक के किडनी दान करने के लिए आगे आ गईं और ममता व त्याग की अनोखी मिसाल पेश की।
आरोग्यम सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम ने इस जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। किडनी ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. नवीन राम दारू का और ट्रांसप्लांट फिजिशियन डॉ. आर.के. साहू के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने पूरी सावधानी और आधुनिक तकनीक के साथ ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद मां और बेटा दोनों स्वस्थ हैं और तेजी से रिकवर कर रहे हैं।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, पिछले डेढ़ वर्ष में यह तीसरा सफल किडनी ट्रांसप्लांट है, जो आरोग्यम हॉस्पिटल की विशेषज्ञता और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का प्रमाण है। इस सफलता ने दुर्ग और आसपास के मरीजों के लिए नई उम्मीद जगाई है, क्योंकि अब उन्हें बड़े महानगरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
आरोग्यम सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि समर्पित डॉक्टरों, आधुनिक तकनीक और मानवीय संवेदनाओं के साथ असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है। यह सफलता अस्पताल के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे दुर्ग शहर के लिए गर्व की बात बन गई है।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.