तमिलनाडु में विजय की आंधी, बंगाल में रूपा गांगुली आगे—चुनावी मैदान में सितारों की किस्मत का आज फैसला
तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने सियासत के साथ-साथ मनोरंजन जगत का भी रोमांच बढ़ा दिया है. इस बार चुनावी रण में कई बड़े फिल्मी चेहरे उतरे, जिनकी किस्मत का फैसला आज मतगणना के साथ हो रहा है. शुरुआती रुझानों में कई चौंकाने वाले संकेत सामने आए हैं.
तमिलनाडु में विजय का दबदबा
विजय थलापति की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) तमिलनाडु में शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है. 234 सीटों में से 108 पर बढ़त बनाकर विजय ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है. पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली (पूर्व) सीट से चुनाव लड़ रहे विजय दोनों जगह आगे चल रहे हैं, जिससे एम. के. स्टालिन की DMK को कड़ी चुनौती मिल रही है. वहीं, अभिनेता सेंथमिझन सीमान भी मैदान में हैं.
बंगाल में बीजेपी की बढ़त, रूपा गांगुली आगे
पश्चिम बंगाल में रूपा गांगुली भाजपा के टिकट पर सोनारपुर दक्षिण सीट से आगे चल रही हैं. राज्य में बीजेपी 194 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिससे राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते दिख रहे हैं.
इन सितारों की भी दांव पर सियासी किस्मत
बंगाल चुनाव में कई कलाकारों की प्रतिष्ठा दांव पर है. सायंतिका बनर्जी बारानगर से, रुद्रनील घोष शिबपुर से, राज चक्रवर्ती बैरकपुर से और जून मालिया मेदिनीपुर से मैदान में हैं. इसके अलावा हिरण्मय चट्टोपाध्याय, पापिया अधिकारी और सोहम चक्रवर्ती जैसे चेहरे भी चुनावी दौड़ में हैं.
इन चुनावों ने साफ कर दिया है कि अब राजनीति और सिनेमा का रिश्ता और गहरा हो चुका है. जनता किसे सत्ता सौंपेगी, इसका अंतिम फैसला आज के नतीजे तय करेंगे.


No Previous Comments found.