Don 3 Controversy: कंगना रनौत पर भड़के अशोक पंडित, बोले- "तुम बकवास करती हो, इसलिए तुम्हें बैन किया"
फरहान अख्तर की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'डॉन 3' को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. पहले रणवीर सिंह के फिल्म से अलग होने की खबरों ने सुर्खियां बटोरीं, फिर फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) द्वारा उन पर लगाए गए बैन ने मामला और गरमा दिया। हालांकि, रणवीर सिंह के लीगल नोटिस भेजने के बाद यह बैन हटा लिया गया, लेकिन अब इस पूरे विवाद में कंगना रनौत की एंट्री ने नया मोड़ ला दिया है। कंगना द्वारा रणवीर का समर्थन करने के बाद FWICE के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित ने उन पर तीखा हमला बोला है.
"लोग पूरे मामले को समझे बिना कर रहे हैं टिप्पणी" - अशोक पंडित
एचटी सिटी को दिए इंटरव्यू में अशोक पंडित ने कहा कि इंडस्ट्री के कई लोग बिना पूरी जानकारी के इस मामले पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि लोगों ने FWICE को गालियां देना शुरू कर दिया है.अशोक पंडित ने कंगना रनौत पर निशाना साधते हुए कहा, "कल कंगना ने भी कुछ कहा. लोग पूरे मामले को समझ नहीं रहे हैं और बस टिप्पणी कर रहे हैं. कंगना कहती हैं कि उन्हें भी इंडस्ट्री ने बैन किया है. तुम बकवास करती हो, इसलिए मैंने तुम्हें बैन किया है. मुझे इसकी कोई परवाह नहीं है."
रणवीर सिंह से नहीं, प्रोफेशनल कमिटमेंट से है मामला
अशोक पंडित ने साफ किया कि FWICE की रणवीर सिंह से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है. उन्होंने कहा कि यह मामला केवल प्रोफेशनल कमिटमेंट और इंडस्ट्री के नियमों से जुड़ा हुआ है.उन्होंने कहा, "हम रणवीर के खिलाफ नहीं हैं. हम सिर्फ उस घटना की बात कर रहे हैं जो हुई है. लोगों को इस मामले पर प्रतिक्रिया देने से पहले उन परिस्थितियों को समझना चाहिए जिनकी वजह से फेडरेशन को यह कदम उठाना पड़ा."
रणवीर सिंह के सपोर्ट में उतरी थीं कंगना रनौत
अपनी आगामी फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कंगना रनौत ने रणवीर सिंह का खुलकर समर्थन किया था. बैन विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने कहा था कि सफलता के साथ दुश्मन भी बढ़ते हैं.कंगना ने कहा, "जब आपकी हैसियत बढ़ती है तो दुश्मन भी बढ़ते हैं. रणवीर सिंह को यह सोचना चाहिए कि उनकी कितनी हैसियत बढ़ी है, तभी तो उनके इतने दुश्मन हैं.जिंदगी में जब आप आगे बढ़ते हैं तो कई तरह की बाधाएं आती हैं, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाता है."
क्या ऋतिक रोशन बनेंगे नए डॉन?
साल 2023 में फरहान अख्तर ने 'डॉन 3' के लिए रणवीर सिंह को नए डॉन के रूप में पेश किया था. फिल्म का प्रोमो वीडियो भी रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। लेकिन बाद में प्रोजेक्ट में देरी होने लगी.मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रिएटिव मतभेदों के चलते रणवीर सिंह ने फिल्म से दूरी बना ली है. अब खबरें हैं कि मेकर्स 'डॉन 3' में रणवीर की जगह ऋतिक रोशन को लेने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
'डॉन 3' को लेकर शुरू हुआ विवाद अब केवल फिल्म तक सीमित नहीं रह गया है. रणवीर सिंह, कंगना रनौत और FWICE के बीच छिड़ी बयानबाजी ने इस मामले को और चर्चा में ला दिया है.अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर 'डॉन 3' का नया डॉन कौन बनेगा और यह विवाद आगे कौन सा नया मोड़ लेता है.
No Previous Comments found.