संगठन को मजबूत बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर हुई विस्तृत चर्चा
गडचिरोली : भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमालजी सिद्दीकी के हाल ही में गड़चिरोली जिला दौरे के दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, गड़चिरोली के जिला उपाध्यक्ष सरफराज आलम ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, अल्पसंख्यक समाज के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने तथा पार्टी की विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का जिले में व्यापक विस्तार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जमालजी सिद्दीकी ने जिले में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक निरंतर संपर्क बनाए रखना चाहिए तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने अल्पसंख्यक समाज के युवाओं को पार्टी से जोड़ने, सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने तथा सेवा और विकास के माध्यम से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सरफराज आलम ने गड़चिरोली जिले में चल रहे संगठनात्मक कार्यों और गतिविधियों की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी। साथ ही आगामी समय में अल्पसंख्यक मोर्चा के संगठनात्मक विस्तार के लिए विभिन्न जनसंपर्क अभियान, कार्यकर्ता सम्मेलन एवं संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
यह मुलाकात अत्यंत सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय नेतृत्व से प्राप्त मार्गदर्शन से गड़चिरोली जिले में अल्पसंख्यक मोर्चा के संगठनात्मक कार्यों को नई गति मिलेगी। साथ ही राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को और अधिक मजबूत करते हुए पार्टी की विचारधारा एवं जनहितकारी योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार
No Previous Comments found.