प्राणहिता में सीआरपीएफ 9वीं बटालियन ने हर्षोल्लास के साथ मनाया 88वाँ स्थापना दिवस

गड़चिरोली : गड़चिरोली जिले के अहेरी तहसील अंतर्गत प्राणहिता स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 9वीं बटालियन में सीआरपीएफ का 88वाँ स्थापना दिवस पूरे उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट श्री शंभू कुमार  के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

 स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत प्रातःकालीन परेड से हुई। इस अवसर पर देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। परेड में उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने तथा शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
 शाम के समय बटालियन परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, आकर्षक नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान जवानों और उनके परिवारों के बीच आपसी सौहार्द, एकता एवं सीआरपीएफ की गौरवशाली परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
 समारोह के समापन अवसर पर कमांडेंट श्री शंभू कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए सीआरपीएफ के गौरवशाली इतिहास, अदम्य साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की उत्कृष्ट परंपराओं का उल्लेख किया। उन्होंने सभी कर्मियों से इसी समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ निरंतर देश सेवा में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, जवानों एवं परिवारजनों का आभार व्यक्त किया।
 पूरा आयोजन देशभक्ति, अनुशासन और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। स्थापना दिवस समारोह ने जवानों एवं उनके परिवारों में नई ऊर्जा का संचार किया तथा सभी उपस्थित लोगों के लिए यह अवसर प्रेरणादायी और अविस्मरणीय साबित हुआ।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.