भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर खरगडीहा बेसिक स्कूल में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन

गिरिडीह - झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर खरगडीहा बेसिक स्कूल में गुरुवार को एक ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राज्य के इतिहास, महान स्वतंत्रता सेनानियों और समाज सुधारकों के योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता इंजीनियर अनिल चौधरी, सेवानिवृत्त शिक्षक श्री श्यामसुंदर राम एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री अमित साव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में कुल दस विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। केशव कुमार ने प्रथम, मसीफिया प्रवीण ने द्वितीय तथा आर्य सुमन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शीर्ष दस विद्यार्थियों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता इंजीनियर अनिल चौधरी ने कहा —

“बिरसा मुंडा जैसे महान जननायक ने झारखंड और देश के आदिवासी समाज को नई दिशा दी। उनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरित करते हैं। राज्य स्थापना दिवस हमें यह याद दिलाता है कि झारखंड की असली ताकत इसकी युवा पीढ़ी है। जब बच्चे पढ़ाई के साथ प्रतियोगिता की भावना रखते हैं, तभी राज्य का भविष्य उज्ज्वल बनता है। स्कूलों में इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियाँ बच्चों में आत्मविश्वास, जिज्ञासा और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देती हैं।” उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित करना बहुत आवश्यक है, ताकि प्रतिभाशाली बच्चों को मंच मिल सके और वे भविष्य में समाज व राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षकों की अहम भूमिका रही। सभी शिक्षकों ने बच्चों को प्रोत्साहित किया और प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मिठाई वितरण कर स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती का उत्सव मनाया गया।

रिपोर्टर - आशीष भदानी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.