शिक्षा व्यवस्था की बदहाल तस्वीर भेलवारा का मॉडल +2 हाई स्कूल बदहाली का शिकार,न पानी न सफाई – मधुमक्खियों का आतंक

विष्णुगढ़ : विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत भेलवारा पंचायत उर्गी स्थित मॉडल +2 हाई स्कूल की स्थिति काफी दयनीय हो चुकी है। विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव देखने को मिल रहा है। छात्रों के लिए न तो स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था है और न ही परिसर में साफ-सफाई का कोई ठोस प्रबंध दिखाई देता है।
विद्यालय के शौचालयों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वे उपयोग के लायक भी नहीं रह गए हैं। परिसर के चारों ओर गंदगी फैली हुई है, जिससे छात्रों और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण वहां से तेज दुर्गंध उठती रहती है।
सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि स्कूल भवन के अंदर कई स्थानों पर मधुमक्खियों के बड़े-बड़े छत्ते लगे हुए हैं, जिनमें हजारों की संख्या में मधुमक्खियां डेरा जमाए हुए हैं। ऐसे में छात्र-छात्राएं हर दिन डर के साये में पढ़ाई करने के लिए विद्यालय पहुंचते हैं। किसी भी समय किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
बताया जाता है कि इस विद्यालय का निर्माण वर्ष 2012–13 में किया गया था, लेकिन महज 13 वर्षों में ही भवन की स्थिति काफी जर्जर हो गई है। दीवारों में बड़े-बड़े दरारें पड़ गई हैं और बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता रहता है। पूरे परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे विद्यालय की स्थिति किसी गोहाल (पशुशाला) जैसी प्रतीत होती है।
स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन तथा शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यालय परिसर की जल्द साफ-सफाई कराई जाए, शौचालयों की मरम्मत की जाए, पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा स्कूल भवन में लगे मधुमक्खियों के छत्तों को तत्काल हटाया जाए, ताकि छात्रों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण में शिक्षा मिल सके।

रिपोर्टर : संदीप मिश्रा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.