विष्णुगढ़ में खरीफ कार्यशाला आयोजित, किसानों को आधुनिक खेती के प्रति किया गया जागरूक

विष्णुगढ़ : विष्णुगढ़ प्रखंड में शनिवार को प्रखंड स्तरीय खरीफ कार्यशाला का आयोजन कर किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख जैबुन निशा, उप प्रमुख सरयु साव, विधायक प्रतिनिधि अजय कुमार मंडल, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभय कुमार, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक उमेश कुमार राणा, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी तिरीफुल टुडू, कृषक वैज्ञानिक योगेंद्र महतो, पौध संरक्षण पदाधिकारी चितरंजन सिंह, मुखिया लक्ष्मी कुमारी, विनोद रजक एवं नन्हकू महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभय कुमार ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खरीफ फसल के बेहतर उत्पादन, नई तकनीकों की जानकारी तथा किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है। उन्होंने किसानों को उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक उपयोग एवं समय पर कृषि कार्य करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों ने खेती से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां किसानों के साथ साझा कीं। प्रमुख जैबुन निशा ने कहा कि वर्तमान समय में मोटे अनाजों की उपज बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके और लोगों को पौष्टिक आहार उपलब्ध हो। वहीं उप प्रमुख सरयु साव ने प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्लास्टिक कई बीमारियों की जड़ है, इसलिए इसके उपयोग को कम करना जरूरी है।
विधायक प्रतिनिधि अजय कुमार मंडल ने किसानों से खेती में आधुनिक तकनीक अपनाने की अपील करते हुए कहा कि तकनीकी ज्ञान से खेती को लाभकारी बनाया जा सकता है। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी तिरीफुल टुडू ने कहा कि किसानों की हर संभव सहायता के लिए पैक्स सदैव तत्पर है। पौध संरक्षण पदाधिकारी चितरंजन सिंह ने किसानों को खेती के साथ बागवानी एवं अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया।
आत्मा के प्रखंड तकनीकी प्रबंधक उमेश कुमार राणा ने किसानों को बीज उपचार के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि बीज उपचार अनिवार्य रूप से करने से फसलों को रोगों से बचाया जा सकता है तथा किसानों को नुकसान नहीं उठाना पड़ता। वहीं कृषक वैज्ञानिक योगेंद्र महतो ने जानकारी दी कि किसानों को प्रशिक्षण देने के लिए नवादा में कृषक पाठशाला शुरू की गई है, जहां किसानों को आधुनिक खेती की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
कार्यशाला के दौरान किसानों ने कृषि से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं सवालों को पदाधिकारियों और वैज्ञानिकों के समक्ष रखा, जिसका संतोषजनक जवाब दिया गया। किसानों ने एक ही मंच पर विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों द्वारा दिए गए प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए आयोजन की सराहना की तथा सभी पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया।
कार्यशाला में प्रगतिशील किसान, कृषक मित्र एवं बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित थे।

रिपोर्टर : संदीप मिश्रा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.