महिला के साथ बेरहमी से मारपीट का आरोप,गंभीर हालत में रेफर की जा सकती है

हजारीबाग - चौपारण थाना क्षेत्र के दादपुर पंचायत अंतर्गत ग्राम हरपुर में एक महिला के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई,जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया जा सकता है परिजनों के अनुसार,समाचार लिखे जाने तक महिला को होश नहीं आया था और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी। घायल महिला के परिजनों ने चौपारण थाना में एक लिखित आवेदन देकर गांव के ही कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि हमले के दौरान महिला को गंभीर चोटें आईं,जिससे वह बेहोश हो गई। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और पूरे परिवार को धमकी दी कि यदि किसी प्रकार की शिकायत की गई तो अंजाम और भी गंभीर होगा। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि महिलाओं के साथ इस तरह की हिंसक घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं और ऐसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस को लिखित आवेदन सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जाएगी तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे,उसके अनुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर - अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.