गुरु पूर्णिमा पर कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने श्रृंगेश्वर महादेव धाम व साईं मंदिर में की पूजा-अर्चना
झकनावदा : गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पावन अवसर पर क्षेत्रीय विधायिका एवं मध्यप्रदेश शासन की महिला एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने झकनावदा के समीपस्थ स्थित प्रसिद्ध श्रृंगेश्वर महादेव धाम पहुंचकर बाबा महाकाल, ब्रह्मलीन श्री महंत श्री काशीगिरीजी महाराज की समाधि, पंचमुखी हनुमान मंदिर तथा माही माता के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना करते हुए श्रद्धाभाव से मत्था टेका।
धार्मिक दर्शन के पश्चात कैबिनेट मंत्री ने धाम के गादीपति श्री महंत रामेश्वर गिरीजी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर महंत श्री रामेश्वर गिरीजी महाराज ने सुश्री निर्मला भूरिया का तिलक लगाकर,श्रीफल भेंटकर शाल ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। दोनों के बीच क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास सहित जनकल्याण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गुरु भक्त उपस्थित रहे। संपूर्ण आयोजन में स्थानीय प्रशासन से सुरक्षा कमान संभाली।
साईं मंदिर पहुंचकर किया दर्शन, भंडारे में लिया प्रसाद
प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी सांई मित्र मंडल एवं सांई भक्तों द्वारा झकनावदा - पेटलावद मार्ग स्थित सांई मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें सर्व प्रथम शाम 05 बजे सांई बाबा की महा आरती उतारी गई। तत्पश्चात प्रसादी का वितरण किया गया। बाद भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजन में तातिया बिच्छू, गौरीला का किरदार आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों ने तातीया बिच्छू गौरेला के साथ खूब मस्ती की वही गुरु भक्तों ने रिमझिम बारिश के बीच नगर से खरीद 1 किलोमीटर दूर पैदल चलकर अपनी गुरु भक्ति का परिचय दिया। वही कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया झकनावदा के प्राकृतिक वातावरण से आच्छादित श्री साईं मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने श्री साईं बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात कर सभी को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सुश्री भूरिया ने साईं मंदिर परिसर के समग्र विकास के लिए आवश्यक कार्य कराने का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल केवल आस्था के केंद्र ही नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, सेवा और एकता का संदेश देने वाले प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे पवित्र स्थलों का संरक्षण एवं विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही सांई मित्र मंडल ने सुश्री भूरिया से सांई मंदिर परिसर पर पेयजल हेतु हैंडपंप की मांग रखी गई जिस पर सुश्री भूरिया ने आश्वासन देते हुए कहां की जल्द ही हैंडपंप लगवाया जाएगा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर दोनों धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। भक्तों ने पूजा-अर्चना, गुरु वंदन एवं भंडारे में भाग लेकर धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का परिचय दिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : मनीष कुमट
No Previous Comments found.