बुंदेलखंड में IIT, टेक्सटाइल हब और दुग्ध उद्योग को बढ़ावा देने की मांग

बीडा बैठक में सांसद की बड़ी पहल: बुंदेलखंड में IIT, टेक्सटाइल हब और दुग्ध उद्योग को बढ़ावा देने की मांग


झांसी - झांसी में आयोजित बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) की महत्वपूर्ण बैठक में झांसी-ललितपुर सांसद  अनुराग शर्मा ने उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री आदरणीय  नंदगोपाल नंदी  के समक्ष बीडा क्षेत्र के समग्र औद्योगिक एवं आधारभूत विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए।

झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री  नंदगोपाल नंदी  द्वारा आयोजित बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) की समीक्षा बैठक में झांसी-ललितपुर सांसद  अनुराग शर्मा ने क्षेत्र के औद्योगिक विकास एवं रोजगार सृजन को गति देने हेतु कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे।

सांसद अनुराग शर्मा ने बीडा क्षेत्र में टेक्सटाइल पार्क की स्थापना के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजे जाने की मांग की, जिससे बुंदेलखंड में वस्त्र उद्योग को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं को बड़े स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो सके।

इसके साथ ही सांसद ने बीडा क्षेत्र में आईआईटी की स्थापना हेतु भूमि आवंटन प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उच्च तकनीकी शिक्षण संस्थान की स्थापना से बुंदेलखंड शिक्षा एवं तकनीकी विकास के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।

बैठक में इस्कॉन द्वारा प्रस्तावित आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परियोजना हेतु भूमि उपलब्ध कराने का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। सांसद  ने कहा कि इस प्रकार की परियोजनाएं क्षेत्र में सांस्कृतिक एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देंगी।

सांसद श्री अनुराग शर्मा जी ने बालिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड को उद्योग स्थापना हेतु आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी रखा, जिससे दुग्ध उत्पादन एवं संबंधित उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा।

इसके अतिरिक्त उन्होंने बीडा क्षेत्र में उद्योगों एवं आम नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुदृढ़ जलापूर्ति एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार किए जाने पर बल दिया।

सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि बीडा बुंदेलखंड के औद्योगिक भविष्य का आधार बनने जा रहा है और इसके माध्यम से क्षेत्र में निवेश, रोजगार एवं आधारभूत विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.