झाँसी मंडल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत तिरंगा मेले का भव्य आयोजन

झाँसी। आज  ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान  के द्वितीय चरण में सीनियर इंस्टिट्यूट, झाँसी में तिरंगा मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक  दीपक कुमार सिन्हा एवं महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती स्वेता सिन्हा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा आयोजित तिरंगा प्रदर्शनी का अवलोकन मंडल रेल प्रबंधक द्वारा किया गया। इस प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ध्वज को लगाने, फहराने, और उसके रख-रखाव से जुड़ी महत्त्वपूर्ण जानकारियों का चित्रात्मक प्रदर्शन किया गया। इसके अतिरिक्त बच्चों द्वारा तिरंगे विषय पर विभिन्न रचनात्मक स्टॉल लगाए गए, जिनमें चित्रकला, तिरंगा राखी निर्माण, तथा देशभक्ति से जुड़ी कलाकृतियाँ शामिल थीं। बच्चों द्वारा भारत के वीर जवानों को पत्र भी लिखे गए, जिनका प्रदर्शन किया गया I 
दिनांक 02 अगस्त से चल रही विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंडल रेल प्रबंधक ने प्रमाण पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। 
इसी क्रम में अध्यक्षा, महिला कल्याण संगठन श्रीमती स्वेता सिन्हा एवं श्रीमती चेतना शर्मा ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले बच्चों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया तथा विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं में योगदान देने वाले विद्यालयों को स्मृति-चिन्ह (शील्ड) प्रदान की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ I 
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन)  नन्दीश शुक्ल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर)  प्रेस प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक  अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता (ब्रांच लाइन) श्रीमती रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त  विवेकानंद नारायण सहित अन्य शाखाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी  राजेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित यह तिरंगा मेला देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को प्रगाढ़ करने का एक सराहनीय प्रयास रहा।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.