सेतु का निर्माण निर्धारित समय के भीतर बेहतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें- मंडलायुक्त

झांसी: आज मण्डलायुक्त झाँसी डॉ0 आदर्श सिंह द्वारा झाँसी-ग्वालियर मार्ग पर निर्माणाधीन रेलवे उपरिगामी सेतु का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सेतु के सम्बन्ध में मण्डलायुक्त द्वारा सेतु निर्माण से सम्बन्धित तकनीकी जानकारी ली गयी। उन्होंने निर्देश दिए कि रेल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर उक्त सेतु का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापरक तरीके से पूर्ण करें। सेतु के निर्माण कार्य के दौरान आमजन के अर्थ सुविधार्थ सड़क पर दिशा सूचक चिन्ह लगाएं, जिससे लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न ना हो। निरीक्षण में उप परियोजना प्रबन्धक मुकेश कुमार के द्वारा अवगत कराया गया कि इस सेतु की लम्बाई 991.00 मी० एवं सेतु की स्वीकृत लागत 102.73 करोड़ है, जिसमें रेलवे भाग की लागत रू० 22.82 करोड़ सम्मिलित है। सेतु के निर्माण की स्वीकृति शासन द्वारा दिनांक 21 दिसम्बर 2021 को प्रदान की गयी, जिसके पश्चात मार्च 2022 में कार्यस्थल पर कार्य प्रारम्भ कर दिया गया। वर्तमान में सेतु निगम के 70 प्रतिशत भाग में से 54 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा इस सेतु का निर्माणकार्य मार्च - 2024 तक पूर्ण कर लिया जायेगा । उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में रेलवे उपरिगामी सेतु में से 02 लेन (कानपुर की ओर) का 30 प्रतिशत भाग का निर्माणकार्य प्रगति पर है, रेलवे द्वारा अपने भाग का कार्य पूर्ण किये जाने के उपरान्त सेतु निगम द्वारा 45 दिवस के अन्दर रेलवे भाग के दोनों ओर स्लैब का कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा तथा 02 लेन को यातायात के लिये आम जनता को उपलब्ध करा दिया जायेगा।
निरीक्षण के दौरान उप निदेशक अर्थ एवं संख्या विभाग एस0 एन0 त्रिपाठी, सहायक अभियंता सेतु निगम, अपर जिला सूचना अधिकारी  सुरेन्द्र पाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
 
 
 
 
रिपोर्टर अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.