दो और चार वर्ष से फरार दो आरोपी गिरफ्तार

पलामू : अलग अलग मामलों में दो और चार वर्ष से फरार चल रहे दो आरोपियों को तरहसी थाना पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में बिहार के गया जिले के कोठी निवासी नाहीद नायर, पिता अब्दुलवफा खान उर्फ मुन्ना एवं लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के रजहरा के रहने वाले देव कुमार ठाकुर शामिल हैं। 

तरहसी के थाना प्रभारी जयप्रकाश पासवान ने सोमवार को बताया कि 3 सितंबर 2021 को काजी पकरी पंचायत क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपनी नाबालिग लड़की को शादी करने की नीयत से बहला फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में नाहीद नायर के खिलाफ कांड दर्ज कराया था। अनुसंधान के क्रम में लड़की को बरामद किया गया था और न्यायालय में बयान दर्ज कराया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि 11.7.2019 को गोगदा निवासी अयोध्या ठाकुर की पत्नी रंजली देवी ने अपने दामाद लेस्लीगंज के रजहरा निवासी देवकुमार ठाकुर के अलावा मंजू देवी एवं विपिन ठाकुर के विरूद्ध कांड दर्ज किया था। महिला ने देवकुमार ठाकुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करते हुए दूसरी शादी कराने का आरोप लगाया था। मामला दर्ज होने के बाद से देवकुमार ठाकुर फरार चल रहा था।

रिपोर्टर : सत्येन्द्र कुमार विश्वकर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.