निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में 103 लाभुकों को मिला चश्मा
खूंटी : खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड अंतर्गत घुनसुली पंचायत भवन में बुधवार, 25 फरवरी 2026 को चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर आई फोर्ट अस्पताल एवं सिटीजन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
शिविर में कुल 103 लाभुकों के बीच निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। इससे पूर्व आयोजित नेत्र जांच शिविर में अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से ग्रामीणों की आंखों की बारीकी से जांच की गई थी। जांच के उपरांत योग्य लाभुकों के लिए चश्मा तैयार कर 25 फरवरी को वितरित किया गया।
इस अवसर पर डाड़ी, सिरका, चांपी, करमडीह, बेलांगी तथा घुनसुली गांवों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बुजुर्ग उपस्थित हुए। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में ही इस प्रकार की सुविधा उपलब्ध होने से समय और खर्च दोनों की बचत होती है।
आई फोर्ट क्लीनिक के डॉ. सुभाष कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोग आंखों की समस्या से जूझते रहते हैं, लेकिन दूरी और आर्थिक कारणों से अस्पताल नहीं पहुंच पाते। इसी सोच के साथ यह शिविर आयोजित किया गया, ताकि ग्रामीणों को खूंटी, रांची या अन्य शहरों में जाने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि आधुनिक नेत्र चिकित्सा मशीनों से जांच कर जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराना उनके लिए संतोष और सेवा का अवसर है।
आयोजकों ने बताया कि आगे भी विभिन्न पंचायतों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.