सत्यम शिवम सुंदरम उच्च विद्यालय फुलवरिया में उत्साह के साथ मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

कोडरमा - डोमचांच प्रखंड अंतर्गत फुलवरिया स्थित सत्यम शिवम सुंदरम उच्च विद्यालय में महान हॉकी खिलाड़ी एवं भारत के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।खेल प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक सुखदेव हजाम, प्राचार्य रामकृष्ण मेहता एवं वरिष्ठ शिक्षक आशीष मिस्त्री ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व तथा मेजर ध्यानचंद के प्रेरणादायी जीवन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।निदेशक सुखदेव हजाम ने कहा, “खेलें, स्वस्थ रहें और देश का नाम रोशन करें।” उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। वक्ताओं ने बताया कि मेजर ध्यानचंद को उनकी अद्भुत हॉकी प्रतिभा और गेंद पर असाधारण नियंत्रण के कारण “हॉकी का जादूगर” कहा जाता है। उनका अनुशासन, कठिन परिश्रम और खेल के प्रति समर्पण आज भी देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

इस अवसर पर विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों के बीच विभिन्न खेल सामग्री भी वितरित की गई, ताकि बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़े और वे अपनी प्रतिभा को निखारकर भविष्य में खेल के क्षेत्र में बेहतर मुकाम हासिल कर सकें। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। इसलिए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद को भी अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाना चाहिए। मौके पर विद्यालय के शिक्षक प्रदीप कुमार मेहता, अरुण कुमार एवं अभिषेक कुमार साव सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : अनिल सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.