सम्पूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने तहसील मंझनपुर में सुनी जनशिकायतें

कौशांबी। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सुजीत कुमार एवं पुलिस अधीक्षक राधेश्याम विश्वकर्मा ने तहसील मंझनपुर में जनशिकायतों को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को समयान्तर्गत गुणवत्तापूर्ण निस्तारित करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने भूमि विवाद सम्बन्धित शिकायतों पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर निस्तारित करने के निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 91 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 09 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। तहसील दिवस में शिकायतकर्ता अशर्फीलाल, अशोक कुमार, महेन्द्र कुमार एवं फूलचन्द्र आदि ने प्रार्थना पत्र देकर जिलाधिकारी को अवगत कराया कि ग्राम पंचायत रसूलपुर सोनी में पुष्पा देवी के समरसेबुल से दशरथ मौर्य के खेत तक रोड न बने होने से ग्रामीणों को आवागमन में असुविधा हो रही है, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता पी0डब्ल्यू0डी0 को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये है।

इसी प्रकार प्रार्थिनी शान्ती देवी पत्नी अवधेश निवासी ग्राम-शरीफपुर द्वारा उनकी पट्टे की भूमि पर कब्जा न मिलने की शिकायत किये जाने पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार मंझनपुर को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। प्रार्थी भोला सिंह द्वारा शिकायत की गयी कि उनके खेत को जाने वाले चकमार्ग पर कुछ कास्तकारों द्वारा जबरन कब्जा कर उस पर खेती की जा रही है, जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार मंझनपुर को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। प्रार्थिनी पूजा देवी पत्नी स्व0 शंकर लाल निवासिनी ग्राम-भैला मकदूमपुर के द्वारा अवगत कराया गया कि उनकी पति की मृत्यु 18.01.2021 को हो गयी थी, प्रार्थिनी ने राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ हेतु आवेदन किया था जो अभी तक पेन्डिग है, जिस पर जिलाधिकारी ने समाज कल्याण  अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शशिकान्त त्रिपाठी एवं उप जिलाधिकारी श्री प्रखर उत्तम सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।

 रिपोर्ट - कुलदीप सिंह
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.