झारखंड राज्य स्थापना दिवस पर गारू प्रखंड में रजत जयंती समारोह का भव्य आयोजन

लातेहार - झारखंड राज्य की रजत जयंती के उपलक्ष्य में प्रखंड स्तरीय समारोह का आयोजन मंगलवार, 11 नवम्बर 2025 को गारू प्रखंड सभागार में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह में प्रखंड प्रमुख सीता देवी, जिला परिषद सदस्य जीरा देवी, विधायक प्रतिनिधि मनोज यादव, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभय कुमार, राज्य समन्वयक निहार रंजन महाराणा, परियोजना पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार सहित सभी मनरेगा कर्मी एवं प्रखंड कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके पश्चात गणमान्य व्यक्तियों द्वारा क्रमवार संबोधन किया गया, जिसमें मनरेगा से जुड़ी योजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय सफलता की कहानियाँ भी प्रस्तुत की गईं, जिसमें आम बागवानी योजना के लाभुकों ने अपने अनुभव साझा किए।

समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रखंड स्तरीय मनरेगा कर्मियों, मेट्स, बागवानी सखी एवं लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मनरेगा अंतर्गत 100 दिन मानव दिवस सृजन करने वाले श्री दिलेश्वर यादव, 5 बागवानी सखी, 2 मेट, धागरटोला पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवक को भी सम्मानित किया गया। इसी क्रम में कंप्यूटर सहायक श्री संतोष कुमार तथा मनरेगा कनीय अभियंता श्री भरतपाल टोप्पो को भी उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अंत में प्रखंड विकास पदाधिकारी अभय कुमार ने समारोह की सफलता के लिए सभी उपस्थित लोगों को धन्यवाद ज्ञापित किया और कार्यक्रम का समापन किया। इसके साथ ही पंचायत स्तर पर भी रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रभात फेरी, विशेष ग्राम सभा एवं विशेष रोजगार दिवस जैसे कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इन कार्यक्रमों में मेट्स, मनरेगा मजदूर, बागवानी सखी, ग्रामीण व पंचायत कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रिपोर्टर - रामदयाल यादव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.