कारीमाटी में नव कुंडीय गायत्री महायज्ञ को लेकर निकली विशाल कलश यात्रा
बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड के कारीमाटी गांव में शनिवार को शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय नव कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ भव्य मंगल कलश शोभा यात्रा के साथ हुआ। अखिल विश्व गायत्री परिवार की बालूमाथ, सेरेगड़ा व चंदवा शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश पूजन के बाद शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में पीले वस्त्र धारण किए महिलाओं तथा 24 कन्याओं ने सिर पर कलश रखकर गांव का भ्रमण किया। वहीं पुरुष श्रद्धालु मशाल, झंडा और बैनर लेकर चल रहे थे। “हम बदलेंगे, युग बदलेगा”, “गायत्री माता की जय” एवं “भारत माता की जय” जैसे जयघोषों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। कलश यात्रा कारीमाटी यज्ञ स्थल से निकलकर एकचटिया एवं गणेशपुर दुर्गा मंदिर होते हुए नदी तट पहुंची,जहां विधिवत पूजन कर कलश में जल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालु पुनः यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां महाआरती एवं पूजन के साथ कलशों को यज्ञ मंडप में स्थापित किया गया।कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य प्रियंका देवी, यज्ञ समिति अध्यक्ष सुनील कुमार यादव, उपाध्यक्ष इंद्रदेव यादव, सचिव भुनेश्वर यादव,संतोष सिन्हा,सुनील यादव, आनंदी प्रसाद गुप्ता, गंगेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। बालूमाथ, चंदवा, अमरवाडीह, चमातु, आरा और आसपास के गांवों से भी लोग शामिल हुए।
रिपोर्टर : मो० अरबाज


No Previous Comments found.