लातेहार के आयुष चौधरी का राष्ट्रीय युवा संगम 2026 के लिए चयन, जिले का बढ़ाया मान
लातेहार : लातेहार जिले के लिए गर्व की बात है कि बनवारी शाहू महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवक आयुष चौधरी का चयन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय, पर्यटन मंत्रालय तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतिष्ठित “एक भारत श्रेष्ठ भारत युवा संगम 2026” कार्यक्रम के लिए हुआ है। आयुष के चयन से पूरे जिले में खुशी का माहौल है और इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।
यह राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम 25 मई 2026 से 3 जून 2026 तक मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित Indian Institute of Technology Indore में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित युवा प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इसका उद्देश्य देश के युवाओं के बीच सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक समन्वय को मजबूत करना है, ताकि “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
आयुष चौधरी ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश के अलग-अलग राज्यों के युवाओं को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों, तकनीकी सत्रों, शैक्षणिक भ्रमण तथा नेतृत्व विकास कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस वर्ष कार्यक्रम का थीम “5 पी” रखा गया है, जिसमें पर्यटन, प्रौद्योगिकी, परस्पर संवाद, परंपरा और प्रगति जैसे विषय शामिल हैं।
आयुष ने “शुभम संवाद” से बातचीत करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम राज्य स्तर से आयोजित चयन प्रक्रिया के माध्यम से हुआ है। उन्होंने कहा कि बनवारी शाहू महाविद्यालय तथा नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय क्षेत्र से लातेहार जिले में केवल उनका ही चयन हुआ है, जो उनके लिए बेहद गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, महाविद्यालय के शिक्षकों तथा एनएसएस के पदाधिकारियों को दिया।
आयुष चौधरी के चयन की खबर मिलते ही उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके माता-पिता ने उन्हें आशीर्वाद देकर कार्यक्रम में भाग लेने के लिए विदा किया। बता दें कि आयुष चौधरी के पिता मनोज चौधरी कल्याण विभाग लातेहार में चालक के पद पर कार्यरत हैं। साधारण परिवार से आने वाले आयुष ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
इस उपलब्धि पर बनवारी शाहू महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी.के. तिवारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आयुष का चयन महाविद्यालय और पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इससे अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में भाग लेने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने आयुष के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे छात्र संस्थान की पहचान होते हैं।
वहीं एनएसएस के जिला नोडल कार्यक्रम पदाधिकारी नवल किशोर प्रसाद ने कहा कि आयुष की सफलता पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने कहा कि एनएसएस युवाओं में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का कार्य करता है और आयुष का चयन इसी दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आयुष कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
महाविद्यालय की सचिव अंजू गुप्ता ने भी आयुष चौधरी को बधाई देते हुए उन्हें अनुशासित, मेहनती और प्रतिभाशाली छात्र बताया। उन्होंने कहा कि आयुष जैसे विद्यार्थी ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रीय गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
आयुष चौधरी की इस उपलब्धि से लातेहार जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। जिले के लोगों ने इसे युवा प्रतिभा और मेहनत की मिसाल बताते हुए आयुष को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में भागीदारी निश्चित रूप से आयुष के अनुभव और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा आने वाले समय में जिले के अन्य युवाओं को भी नई दिशा और प्रेरणा देगी।
रिपोर्टर : बब्लू खान


No Previous Comments found.