सेवा संकल्प अभियान: 25 वर्षों की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा :- अजय साह
लातेहार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीति एवं सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे देश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसी क्रम में लातेहार जिले में भी एक माह तक सेवा, सुशासन, जनभागीदारी, राष्ट्र निर्माण और नवाचार से जुड़े व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत जिले में 12 अलग-अलग प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा एवं सुशासन की यात्रा को जनता के बीच पहुंचाया जाएगा।
रविवार को लातेहार में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय कुमार शाह ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन केवल राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की सतत यात्रा है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी कार्यों और विकसित भारत के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सेवा किसी एक दिन या अवसर का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि संगठन की मूल कार्यसंस्कृति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने सार्वजनिक जीवन में गरीब, वंचित, महिला, किसान, युवा और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया है। इसी सेवा भावना को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
दीप प्रज्वलन से लेकर जनसेवक महाकुंभ तक होंगे कार्यक्रम
प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्वलन एवं जन आभार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों और युवाओं को विकसित भारत की कल्पना से जोड़ा जाएगा।
‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा जीवन से जुड़ी प्रेरणादायी एवं अनकही कहानियों की संगीतमय नाट्य प्रस्तुति की जाएगी। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को प्रधानमंत्री के संघर्ष, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण से परिचित कराना है।
इसी प्रकार ‘गांव-गांव तक, आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद आयोजित होगा। इसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में मातृशक्ति के साथ संवाद स्थापित करने तथा महिला एवं बाल विकास से जुड़े विषयों को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली वास्तविक कहानियों को सामने लाया जाएगा। वहीं डिजिटल माध्यम से ‘प्रत्येक व्यक्ति केंद्रित 10 रील’ तैयार कर सेवा एवं जनकल्याण के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
विकसित भारत के संकल्प के साथ निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा
अभियान के तहत ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ आयोजित की जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास होगा। वहीं ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ के तहत जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में आम नागरिकों और कार्यकर्ताओं की जनभागीदारी से विभिन्न सेवा कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के अनुरूप आम लोगों तक पहुंचने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में पहल की जाएगी।
‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के अंतर्गत आभार एवं संकल्प की रंगोली के माध्यम से राष्ट्रसेवा और विकसित भारत का संदेश दिया जाएगा। वहीं युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत पांच क्षेत्रीय इनोवेशन चैलेंज आयोजित किए जाएंगे।
पंचायत से लोकसभा तक होगा ‘जनसेवक महाकुंभ’
अभियान के अंतिम महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में ‘सुशासन सेवा संवाद’ शामिल है। इसके तहत ‘जनसेवक महाकुंभ’ का आयोजन पंचायत से लेकर विधानसभा एवं लोकसभा स्तर तक किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के बीच संवाद स्थापित कर सुशासन, विकास और जनसेवा से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
अजय कुमार शाह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि सेवा को जनआंदोलन का स्वरूप देना और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने भाजपा के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया।
मोदी सरकार की उपलब्धियों को भी जनता तक पहुंचाएगी भाजपा
प्रेस वार्ता के दौरान अजय कुमार शाह ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ने पिछले वर्षों में गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसान हित, युवा विकास, आधारभूत संरचना, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और सुशासन के क्षेत्र में व्यापक प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा मजबूत हुई है और देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। सेवा संकल्प अभियान के दौरान इन उपलब्धियों को तथ्यों और जनभागीदारी के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को भाजपा कार्यकर्ता ‘सेवा से संकल्प और संकल्प से विकसित भारत’ की यात्रा के रूप में जनता के सामने रखेंगे।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, जिला मंत्री मुकेश पाण्डेय, जिला मंत्री ध्रुव पांडे, जिला कोषाध्यक्ष विष्णु देव गुप्ता समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.