मोटे मुनाफे का लालच देकर फर्जी ऐप से निवेश कराया, आशियाना निवासी से ठगे 2 लाख

आलमबाग :  आशियाना के एलडीए कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति को साइबर ठगों ने निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर 2 लाख रुपए ठग लिए। व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क कर फर्जी ऐप डाउनलोड कराया और चार बार में 50-50 हजार रुपए जमा करवा लिए। रकम निकालने की कोशिश पर ऐप लॉक हो गया और कस्टमर केयर नंबर भी बंद मिले। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन और आशियाना थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पहले 50 हजार से दिया झांसा  
आशियाना सेक्टर-आई निवासी प्रशांत श्रीवास्तव के मुताबिक अक्टूबर 2024 में व्हाट्सएप पर कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने निवेश पर ज्यादा मुनाफे का लालच देकर एक ऐप डाउनलोड कराया। 7 अक्टूबर को उन्होंने पहली बार 50 हजार रुपए ट्रांसफर किए। ऐप पर रकम बढ़ती दिखने से भरोसा बन गया।

चार बार में जमा कराए 2 लाख  
इसके बाद 10, 12 और 13 अक्टूबर को उन्होंने 50-50 हजार रुपए और जमा कर दिए। कुल 2 लाख रुपए निवेश हो गए। जब पैसा निकालना चाहा तो ऐप से निकासी नहीं हुई। कस्टमर केयर नंबर बंद मिले। ग्रुप में जुड़े अन्य लोगों से संपर्क की कोशिश की, लेकिन कोई नंबर नहीं लगा। 

आईटी एक्ट में केस दर्ज  
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत कर आशियाना थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर और ट्रांजेक्शन डिटेल के आधार पर ठगों की तलाश कर रही है।

रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.