मेधावी छात्र ही देश और प्रदेश के स्वर्णिम भविष्य के निर्माता: असीम अरुण
लखनऊ : शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहारों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आज बोरा फाउंडेशन द्वारा एक भव्य 'मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह 2026' का आयोजन किया गया।
इस गरिमामयी समारोह में लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र सहित जिले के सैकड़ों प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उनकी शानदार शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण एवं विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह सहित सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगीत गाकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लखनऊ उत्तर के माननीय विधायक डा. नीरज बोरा ने की, जबकि बोरा फाउंडेशन एवं सेवा अस्पताल के प्रबंध निदेशक ई. वत्सल बोरा तथा बोरा इंस्टीट्यूट ऑफ एलाइड हेल्थ साइंसेज की चेयरपर्सन श्रीमती बिंदु बोरा आयोजक के रूप में मंच पर उपस्थित रहे।
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रतिभाएं छिपी हुई हैं उन्हें खोजना और सही दिशा देकर समाज को सशक्त करना यही समाज के प्रथम पंक्ति के लोगों की जिम्मेदारी है और डा नीरज बोरा जी के संरक्षण में ई. वत्सल बोरा (बोरा फाउंडेशन) का यह कार्यक्रम निश्चित रूप से प्रतिभाओं का प्रोत्साहन मात्र नहीं करेगा बल्कि सही मार्गदर्शन भी देगा।
मेधावियों को उपहार वितरित करने के बाद अपने संबोधन में असीम अरुण ने कहा, "आज जिन बच्चों को सम्मानित किया गया है, वे केवल अपने परिवार का नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का गौरव हैं। मेधावी छात्र ही हमारे देश के स्वर्णिम भविष्य के असली निर्माता हैं। योगी सरकार प्रदेश में शिक्षा के स्तर को लगातार ऊंचा उठाने और हर वर्ग के बच्चों को समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।" उन्होंने बोरा फाउंडेशन और स्थानीय विधायक डा. नीरज बोरा की सराहना करते हुए कहा कि जमीन पर उतरकर बच्चों की पीठ थपथपाना और उन्हें आगे बढ़ने के साधन देना एक अनुकरणीय कार्य है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक डा. नीरज बोरा ने सभी मेधावियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा, "युवा शक्ति ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। उत्तर विधानसभा क्षेत्र का कोई भी मेधावी छात्र संसाधनों की कमी के कारण पीछे नहीं छूटेगा। बोरा फाउंडेशन का लक्ष्य केवल शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ानाu नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें सही दिशा देना है। आप सभी जानते हैं कि जो कल इसी लखनऊ के बच्चे थे वे आज अंतरिक्ष में भारत की ध्वजा लहरा रहे हैं ठीक उसी तरह आज सम्मानित हुए ये सभी बच्चे कल सिविल सेवा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, अंतरिक्ष विज्ञान और समाज सेवा के क्षेत्र में लखनऊ का नाम रोशन करेंगे।" सेवा अस्पताल के प्रबंध निदेशक ई. वत्सल बोरा ने कहा कि आधुनिक दौर में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में नैतिक मूल्यों और संस्कारों का होना बेहद जरूरी है। बोरा फाउंडेशन भविष्य में भी युवाओं के करियर काउंसिलिंग और मार्गदर्शन के लिए ऐसे अभियान चलाता रहेगा।" समारोह के दौरान जब मंच से एक-एक कर मेधावी छात्र-छात्राओं के नामों की घोषणा हुई, तो पूरा प्रेक्षागृह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अपने बच्चों को प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री और लोकप्रिय विधायक के हाथों सम्मानित होकर बच्चों एवं अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की, बच्चों ने इस सम्मान को अपने जीवन का बड़ा टर्निंग पॉइंट बताया। कार्यक्रम में पधारे सभी आगंतुकों का धन्यवाद एवं आभार संस्था की अध्यक्ष बिंदु बोरा ने किया। कार्यक्रम में सिटी मांटेसरी स्कूल,सरस्वती विद्या मंदिर, द ओ ए एफ इंटर कालेज, डा. आई. डी. रस्तोगी, ब्राइट लैंड इंटर कॉलेज, सेंट जोसेफ सीतापुर रोड,श्री राम एकेडमी,कैपिटल कॉन्वेंट,कॉस्मोपॉलिटन,सैम लखनऊ पब्लिक स्कूल, टाउनहॉल इंटर कॉलेज, प्रॉमिनेंट पब्लिक स्कूल,महावीर विद्या मंदिर,न्यू वे इंटर कॉलेज, सेंट एंटोनी इंटर कॉलेज जानकीपुरम,इंदिरा इंटर कॉलेज खदरा, अवध पब्लिक स्कूल, बाल निकुंज पब्लिक स्कूल सहित कुल 64 विद्यालयों के छात्रों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व महानगर उपाध्यक्ष विवेक तोमर, पार्षद मुन्ना मिश्रा, सी बी सिंह,पार्षद प्रतिनिधि अंकुश बाजपेई,सत्यदेव सिंह,मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी, रमन निगम, चंद्रशेखर गुप्ता,उद्घोषक की भूमिका में सुनील सिंह एवं कार्यक्रम संयोजक कृपा शंकर मिश्रा रहे। बड़ी संख्या में मेधावी छात्र विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : चौधरी मुकेश सिंह

No Previous Comments found.