स्व० हीरालाल यादव की 31वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धांजलि अर्पित कर लिया आदर्शों पर चलने का संकल्प

लखनऊ : समाजवादी आंदोलन के अग्रणी नेता, विधान परिषद के पूर्व सदस्य (एमएलसी), समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक तथा किसानों और श्रमिकों की बुलंद आवाज रहे स्वर्गीय श्री हीरालाल यादव की 31वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सरोजनी नगर स्थित यदुनगर, गौरी-बिजनौर रोड पर उनके समाधि स्थल पर भव्य श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने आकर्षक गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया और पुष्पचक्र अर्पित कर स्वर्गीय हीरालाल यादव के राष्ट्र एवं समाज के प्रति योगदान को नमन किया। वहीं, हीरालाल यादव बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित कर सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सद्भाव का संदेश दिया।
इस अवसर पर हीरालाल यादव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज की सभी शिक्षण संस्थाओं—हीरालाल यादव बालिका पीजी कॉलेज, हीरालाल यादव लॉ कॉलेज, हीरालाल यादव बालिका इंटर कॉलेज तथा हीरालाल यादव पब्लिक स्कूल में भी श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गईं। शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने बाबूजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक श्याम किशोर यादव, सहदेव सिंह, राम सिंह यादव, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, इं. अनुराग यादव, पूर्व विधायक उदयराज, पूर्व विधायक अम्बरीष पुष्कर, पूर्व एमएलसी कान्ती सिंह, जिलाध्यक्ष जयसिंह जयन्त सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारा एवं प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया।

रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.