प्लासियो मॉल के पास स्कॉर्पियो को थार से मारी टक्कर, भांजे पर की फायरिंग; दो आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ : राजधानी लखनऊ में दबंगों के दुस्साहस का मामला सामने आया है। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में प्लासियो मॉल के पास स्कॉर्पियो से घर लौट रहे मामा-भांजे को दो गाड़ियों में सवार हमलावरों ने घेर लिया। आरोपियों ने उनकी गाड़ी में पीछे और साइड से टक्कर मार दी, जिससे स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद विवाद के दौरान भांजे पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी गई। मामले में कार्रवाई करते हुए सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, कुल्लीखेड़ा अर्जुनगंज निवासी आशीष यादव ने 21 नवंबर को थाने में तहरीर देकर बताया था कि 20 नवंबर की रात वह अपने भांजे आदित्य यादव के साथ स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान प्लासियो मॉल के पास दो गाड़ियों में सवार लोगों ने उनका पीछा कर घेर लिया और उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और आदित्य पर फायरिंग कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन में गठित पुलिस टीमों ने तकनीकी, मैनुअल और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से देवेन्द्र यादव (32) और भीमा यादव (24), निवासी शेखनाघाट, सुशांत गोल्फ सिटी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त काली महिंद्रा थार और .45 बोर का एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि आशीष यादव से विवाद के चलते उन्होंने उसकी गाड़ी में टक्कर मारने का प्रयास किया था और उनके साथी अनुज यादव ने फायरिंग की थी। पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने और बाहर भागने की योजना बनाने के लिए एकत्र हुए थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार देवेन्द्र यादव के खिलाफ पहले से चार और भीमा यादव के खिलाफ एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज गया है।

रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.