‘लॉ शुड प्रोटेक्ट मेन’...पत्नी से परेशान पति ने की आत्महत्या।

Adarsh kanoujia
अतुल सुभाष, पुनीत खुराना और अब मानव शर्मा...ये वो नाम हैं जिन्होंने पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर मौत को गले लगा लिया. बेंगलुरु में अतुल सुभाष की आत्महत्या का मामला अब तक जहन से पूरी तरह निकला नहीं था कि उत्तर प्रदेश के आगरा में भी पत्नी से तंग आकर एक शख्स ने जान दे दी. आगरा के थाना सदर स्थित डिफेंस कॉलोनी के रहने वाले मानव शर्मा ने 24 फरवरी की रात आत्महत्या कर ली. दरअसल शादी के बाद से ही पत्नी से अनबन चल रही थी. बात इस कदर बढ़ गई कि उन्होंने फांसी लगाकर जान दे दी. मानव अपने पीछे एक वीडियो छोड़ गए हैं, जिसमें अपनी मौत का जिम्मेदार उन्होंने पत्नी निकिता को ठहराया है.
‘लॉ शुड प्रोटेक्ट मेन’.-
मौत से पहले बनाये गए वीडियो में मानव कह रहे हैं कि ‘लॉ शुड प्रोटेक्ट मेन’। जज साहब मर्दों की रक्षा कीजिए, वरना कोई भी नहीं बचेगा, फिर किस पर इल्जाम लगाओगे। मानव वीडियो में अपने मम्मी-पापा से सूर्य बोलते नजर आ रहे हैं. वे कह रहे हैं कि अगर ऐसे ही चलता रहा तो कोई मर्द नहीं बचेगा।
पत्नी ने भी वीडियो बनाकर सफाई दी-
वीडियो में मानव ने अपनी पत्नी को आत्महत्या का जिम्मेदार बताया। मानव ने पत्नी के चरित्र पर भी सवाल खड़े किए। उसके बाद मृतक मानव शर्मा की पत्नी निकिता ने भी एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी। निकिता ने अपने और अपने परिवार के ऊपर लगे आरोपों को झूठ क़रार दिया। उसने दावा किया कि जब उसके पति ने आत्महत्या की तब वो अपने मायके में थी।
पिता ने थाने में दी तहरीर-
थाना सदर के डिफेन्स कॉलोनी निवासी मानव शर्मा एक आईटी कंपनी में रिक्रूटमेंट मैनेजर पद पर मुंबई में कार्य करते थे. एयरफोर्स से रिटायर्ड पिता नरेंद्र शर्मा ने पुलिस को बताया कि बेटे की शादी 30 जनवरी 2024 को हुई थी। शादी के बाद बहू भी बेटे के साथ मुंबई चली गई थी। कुछ दिन तक सब कुछ सही चला, लेकिन उसके बाद बहू आए दिन झगड़ा करने लगी। परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगी। बहू अपने किसी बॉयफ्रेंड के साथ रहने की बात कहती थी। 23 फरवरी को बहू-बेटे मुंबई से आगरा घर आए थे। उसी दिन मानव अपनी पत्नी को मायके छोड़ने गया था। वहां मानव को ससुराल वालों ने धमका दिया। अगले 24 फरवरी सुबह 5 बजे बेटे ने घर में फांसी लगा ली। मृतक के पिता ने थाना सदर में तहरीर दी है।
पती पत्नी के बीच तनावपूर्ण संबंध थे-पुलिस
आगरा एएसपी विनायक गोपाल ने बताया कि एक सूचना प्राप्त हुई थी। सैन्य अस्पताल आगरा से मानव नाम के व्यक्ति को मृत अवस्था में लाया गया। उसके बाद पता चला कि उन्होंने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त की। अभी तक कोई गिरफ़्तारी नहीं हुई है। काफी प्रयास के बाद इनका पोस्टमार्टम करवाया गया। मृतक का मोबाइल लॉक था। उनकी दीदी को उसका पासवर्ड पता था। जब मोबाइल खोला गया तब उसमें वीडियो बरामद हुई। वीडियो में यह बात सामने आई कि उनके निजी जीवन में पत्नी के साथ तनाव पूर्ण संबंध थे।
No Previous Comments found.