मंडला में साइबर सुरक्षा को लेकर पत्रकारों की बैठक, “सेफ क्लिक 2.0” अभियान पर जोर
मंडला - मध्य प्रदेश पुलिस के साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के तहत बुधवार को महराजपुर थाना परिसर में एक पत्रकार बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक दोपहर 3 बजे आयोजित हुई,जिसमें थाना प्रभारी डॉ.जय सिंह यादव ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। थाना प्रभारी ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, जिनमें ऑनलाइन ठगी,फर्जी लिंक के माध्यम से धोखाधड़ी, ओटीपी फ्रॉड, “डिजिटल अरेस्ट” और सोशल मीडिया से जुड़े अपराध प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि इनसे बचाव के लिए लोगों में जागरूकता सबसे प्रभावी उपाय है।
उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे अपने-अपने मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं, ताकि लोग ऐसे अपराधों के शिकार न हों। बैठक में यह भी बताया गया कि किसी भी साइबर फ्रॉड की स्थिति में नागरिक तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। अधिकारियों ने कहा कि “जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की नींव हैं” और इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने भी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग देने का आश्वासन दिया।
रिपोर्टर - ऋषभ गुप्ता
No Previous Comments found.