हरियाली अमावस्या पर महिलाओं को बनाया गया ‘नवांकुर सखी’, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मंडला - मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में विकासखंड नारायणगंज के सेक्टर माडोगढ़ में हरियाली अमावस्या के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को लेकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रगति जन कल्याण समिति द्वारा नवांकुर योजना के अंतर्गत हरियाली यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण स्तर पर लोगों को पौधरोपण एवं पौधों की देखभाल के प्रति जागरूक करना रहा। मप्र जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक सुशील बर्मन के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की महिलाओं सहित जन अभियान परिषद की परामर्शदाता इंद्रा उइके, वीरेंद्र अग्रवाल, सुमित हथाले एवं सीएम फेलो देवलता उइके उपस्थित रहे।
सेक्टर माडोगढ़ अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति मझगांव में महिलाओं को ‘नवांकुर सखी’ बनाया गया। प्रत्येक नवांकुर सखी को पौधे भेंट कर उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा सामुदायिक स्तर पर पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सहभागिता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान नवांकुर समिति द्वारा अमरूद का पौधा रोपित किया गया। उपस्थित लोगों से आग्रह किया गया कि वे अपने घर, खेत एवं बाड़ी में फलदार और छायादार पौधों का अधिक से अधिक रोपण करें तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करें।
कार्यक्रम में प्रगति जन कल्याण समिति की अध्यक्ष एवं सचिव पुष्पा उइके, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति से अरविंद मरावी, पार्वती सहित अन्य सदस्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से पौधरोपण एवं उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया गया।
रिपोर्टर - ऋषभ गुप्ता
No Previous Comments found.