नेपोटिज्म पर सारा अली खान का बयान, बोलीं- पापा ने कभी काम के लिए किसी से नहीं की सिफारिश
बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान इन दिनों अपने एक बयान और फिल्म ‘उड़ता तीर’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को लेकर चर्चा में हैं। सारा ने हाल ही में नेपोटिज्म पर अपनी राय रखी। उन्होंने माना कि स्टार किड होने के कारण उन्हें बॉलीवुड में एंट्री करने का मौका मिला, लेकिन उनका कहना है कि इससे उनकी मेहनत को कम करके नहीं आंकना चाहिए।
नेपोटिज्म ने खोले दरवाजे, लेकिन मेहनत भी जरूरी
फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में सारा अली खान ने स्वीकार किया कि फिल्मी परिवार से होने के कारण उन्हें पहचान और इंडस्ट्री तक पहुंचने का फायदा मिला। उन्होंने कहा कि वह इतनी भोली नहीं हैं कि इस सच्चाई को न मानें। हालांकि, उन्हें यह पसंद नहीं कि नेपोटिज्म के नाम पर किसी कलाकार की मेहनत को नजरअंदाज किया जाए।सारा ने जान्हवी कपूर और अनन्या पांडे का जिक्र करते हुए कहा कि किसी ने यह नहीं चुना कि उसका जन्म किस परिवार में होगा। उनके मुताबिक, स्टार किड्स को शानदार डेब्यू का अवसर मिलता है, लेकिन इसके लिए उन्हें लगातार आलोचना का सामना भी करना पड़ता है।
‘पापा ने कभी मेरे लिए काम नहीं मांगा’
सारा ने बताया कि उनके पिता सैफ अली खान ने कभी किसी के ऑफिस जाकर उनके लिए काम नहीं मांगा और न ही उनके कॉन्ट्रैक्ट को लेकर किसी से बातचीत की। उन्होंने कहा कि फिल्म ‘केदारनाथ’ के दौरान आई परेशानियों को भी उन्होंने खुद संभाला। सारा के अनुसार, इंडस्ट्री में उनका कोई गॉडफादर नहीं रहा। उन्होंने स्टार किड होने को फायदे और चुनौतियों से जुड़ी स्थिति बताया।
‘उड़ता तीर’ की कमाई में गिरावट
वहीं, आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की स्पाई कॉमेडी फिल्म ‘उड़ता तीर’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में पांचवें दिन गिरावट दर्ज की गई। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पांचवें दिन भारत में 3.10 करोड़ रुपये की कमाई की।इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल कलेक्शन 25.85 करोड़ रुपये और दुनियाभर में कुल कारोबार 38.53 करोड़ रुपये बताया गया है।अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई में सुधार होता है या इसकी रफ्तार और धीमी पड़ती है।

No Previous Comments found.