सक्षम झारखंड कौशल विकास योजना को लेकर आसेहार में लगा शिविर, दर्जनों लोग हुए सम्मानित

पांकी : पांकी प्रखंड क्षेत्र के आसेहार पंचायत में मुख्यमंत्री सारथी योजना अंतर्गत संचालित सक्षम झारखंड कौशल विकास योजना के तहत दक्ष एकेडमी प्राइवेट लिमिटेड मेदिनीनगर के द्वारा एक विशेष जागरूकता एवं सम्मान समारोह शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास योजनाओं से जोड़कर उन्हें रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण के प्रति जागरूक करना था। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं प्रशिक्षण प्राप्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान दक्ष एकेडमी प्राइवेट लिमिटेड की राज्य मोबिलाइजेशन पदाधिकारी ममता सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सक्षम झारखंड कौशल विकास योजना के माध्यम से युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे प्रशिक्षण लेकर अपने कौशल को विकसित करें और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करें।वहीं पलामू जिला कार्यकार्य संचालक राजन कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दूर करने के लिए कौशल विकास योजनाएं काफी महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि दक्ष एकेडमी द्वारा मेदिनीनगर स्थित प्रशिक्षण केंद्र में आधुनिक तकनीकों एवं रोजगार आधारित पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है, यदि किन्हीं को प्रशिक्षण करना हो तो पांकी प्रखंड के आसेहार निवासी बच्चन प्रजापति या फिर मेदिनीनगर कार्यालय से संपर्क करें । सेंटर मैनेजर यामिनी रंजन ने प्रशिक्षण प्रक्रिया एवं कोर्स से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। शिविर में पांकी प्रखंड मोबिलाइजेशन पदाधिकारी बच्चन प्रजापति ने भी योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि ग्रामीण युवाओं को इस योजना से अधिक से अधिक जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में आसेहार पंचायत के मुखिया देवसागर राम एवं होटाई पंचायत की मुखिया पूनम देवी ने भी अपने संबोधन में कौशल विकास योजना की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की योजनाएं गांव के युवाओं को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होंगी। कार्यक्रम के दौरान आसेहार एवं होटाई पंचायत के दर्जनों गणमान्य लोगों को दक्ष एकेडमी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वहीं मेदिनीनगर प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया। प्रमाण पत्र मिलने के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। मौके पर मेदिनीनगर सेंटर ट्रेनर अमरकांत वर्मा , इकराम अंसारी, अनूप प्रजापति, मनोहर कुमार, सहादेव राम, आलमताब अंसारी, गिरेंद्र राम, पूजा देवी, रविता देवी, कनीजा खातून समेत दर्जनों ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

रिपोर्टर : अमित शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.