भीषण गर्मी में जन-राहत के सख्त निर्देश: सार्वजनिक स्थानों पर मुफ्त पेयजल की व्यवस्था अनिवार्य।

रांची - झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस समय आम जनता को राहत देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्देश के अनुसार सभी उपायुक्त (डीसी), पुलिस अधीक्षक (एसपी), थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी (सीओ) और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को अपने-अपने कार्यालयों के बाहर तथा बस स्टैंड, बाजार, चौक-चौराहों जैसे भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर राहगीरों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही इन स्थानों पर सूचना पट्ट लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को पेयजल की सुविधा की जानकारी आसानी से मिल सके।

मुख्यमंत्री ने जल संकट वाले क्षेत्रों में तुरंत टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण और शहरी इलाकों में खराब पड़े चापाकलों की तेजी से मरम्मत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही वैकल्पिक जल स्रोतों को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा है कि केवल कागजी कार्रवाई से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर लोगों को वास्तविक राहत पहुंचानी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करना होगा, ताकि राहत हर जरूरतमंद तक पहुंच सके।

 रिपोर्टर - राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.