समाजसेवी बजरंग महतो से 50 लाख की रंगदारी मांगने का मामला
समाजसेवी बजरंग महतो से 50 लाख की रंगदारी मांगने का मामला, फौजी कार्रवाई की धमकी
रांची - नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित प्रेमनगर निवासी समाजसेवी बजरंग महतो से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी नहीं देने पर गंभीर परिणाम और “फौजी कार्रवाई” की धमकी दी गई है। इस संबंध में नगड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पीड़ित बजरंग महतो ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर पर मौजूद थे, तभी एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने दो दिनों के भीतर 50 लाख रुपये देने की मांग की। रकम नहीं देने पर जान-माल की क्षति और कार्रवाई की धमकी दी गई। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है और सुरक्षा की मांग की गई है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी देने में इस्तेमाल किए गए नंबर की तकनीकी जांच की जा रही है। साथ ही साइबर एंगल से भी पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
रांची से नदीम दानिश की रिपोर्ट


No Previous Comments found.