तमंचे के बल पर धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
रामपुर मनिहारान/बड़गांव : थाना बड़गांव पुलिस ने रास्ते में ईंट रखने और हटाने को लेकर हुए विवाद में तमंचे से डराने-धमकाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम भगवानपुर निवासी योगेश पुत्र सुरेंद्र और दूसरे पक्ष के संदीप पुत्र मोती, महावीर पुत्र मोती तथा रोहित पुत्र मदन के बीच रास्ते में ईंट रखने और हटाने को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में वादी योगेश की तहरीर के आधार पर थाना बड़गांव में 25 जून 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 157/2026 धारा 351(3) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी बड़गांव नरेंद्र भड़ाना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप पुत्र मोती निवासी ग्राम भगवानपुर थाना बड़गांव को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है।
रिपोर्टर : नरेश
No Previous Comments found.