तीन युवतियां रहस्यमय ढंग से लापता, पिता ने थाने में दी तहरीर

सहारनपुर :  रामपुर मनिहारान क्षेत्र के थाना बड़गांव अंतर्गत एक गांव से तीन युवतियों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। पीड़ित पिता ने थाना बड़गांव में तहरीर देकर तीनों युवतियों को सकुशल बरामद किए जाने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी दो पुत्रियां तथा घर पर आई हुई एक मेहमान युवती गुरुवार दोपहर गांव से बस द्वारा बड़गांव जाने के लिए निकली थीं। लेकिन देर शाम तक तीनों युवतियां घर वापस नहीं लौटीं।
परिजनों ने पहले अपने स्तर पर काफी तलाश की और रिश्तेदारों व परिचितों से भी फोन पर संपर्क किया, लेकिन तीनों युवतियों का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पीड़ित पिता और अन्य परिजन थाना बड़गांव पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर युवतियों की सकुशल बरामदगी की मांग की।
मामले को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं, थाना बड़गांव प्रभारी नरेंद्र भड़ाना ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है और पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : नरेश कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.