ऊचेहरा में शराब कारोबार पर उठे गंभीर सवाल, पत्रकारों से अभद्रता और धमकी के आरोप
सतना : सतना जिले की ऊचेहरा तहसील से एक बार फिर शराब कारोबार को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं। स्थानीय लोगों और पत्रकारों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध शराब की पैकरी का नेटवर्क लगातार सक्रिय है और गांव-गांव तक शराब पहुंचाई जा रही है। आरोप है कि यह सब पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग की नाक के नीचे हो रहा है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई देखने को नहीं मिली है।
ताजा मामला उस समय सामने आया जब कुछ पत्रकार शराब दुकान पर पहुंचे और वहां शराब बिक्री से संबंधित रेट सूची दिखाने की मांग की। आरोप है कि रेट सूची दिखाने के बजाय वहां मौजूद रजनीश तिवारी नामक व्यक्ति पत्रकारों पर भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने पत्रकारों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, धमकाने का प्रयास किया और यहां तक कि पुलिस बुलाने की भी बात कही।
पत्रकारों का कहना है कि किसी भी दुकान पर निर्धारित दरों की जानकारी लेना और रेट सूची देखना उनका वैधानिक अधिकार है। यदि दुकान पर निर्धारित नियमों का पालन किया जा रहा है तो रेट सूची दिखाने में किसी प्रकार की आपत्ति नहीं होनी चाहिए। लेकिन आरोप है कि जानकारी मांगने पर सहयोग करने के बजाय दबाव बनाने की कोशिश की गई।
इधर स्थानीय लोगों का भी आरोप है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर खुलेआम शराब की पैकरी की जा रही है। गांव-गांव तक शराब पहुंचने से युवाओं पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
लोगों का यह भी आरोप है कि आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण शराब कारोबार से जुड़े लोगों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि नियमों के अनुसार शराब बिक्री हो रही है, तो रेट सूची दिखाने में आपत्ति क्यों हुई? यदि क्षेत्र में अवैध पैकरी नहीं हो रही, तो गांव-गांव शराब पहुंचने की शिकायतें लगातार क्यों सामने आ रही हैं? और यदि शिकायतें सही हैं, तो जिम्मेदार विभाग अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं कर पाए?
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग इन आरोपों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और क्या दोषियों पर कार्रवाई होती है या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में सिमटकर रह जाएगा।
संवाददाता : शिवम गुप्ता
No Previous Comments found.