बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे हैं छात्र की हॉस्टल में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता मिला शव
पुवायां/ शाहजहांपुर - कोतवाली पुवायां क्षेत्र स्थित आरएलएम इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के हॉस्टल में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब बीएससी नर्सिंग के छात्र का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद संस्थान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। छात्र के पास से मिले दो मोबाइल फोन भी जांच के दायरे में हैं। मृतक की पहचान बिहार के रोहतास जनपद निवासी 25 वर्षीय अजय राज के रूप में हुई है। वह संस्थान में बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष का छात्र था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को अजय अपने साथियों के साथ क्लास में मौजूद था। लंच के समय सभी छात्र अपने-अपने कमरे में चले गए। इसके बाद अन्य छात्र दोबारा क्लास में पहुंच गए, लेकिन अजय वापस नहीं लौटा।
शाम करीब पांच बजे छुट्टी के बाद जब छात्र हॉस्टल पहुंचे तो अजय के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो छात्रों ने खिड़की से झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। अजय का शव चादर के सहारे फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।
रिपोर्टर : रवि


No Previous Comments found.