शादी के महज कुछ ही दिनों बाद नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप

बंडा : बंडा थाना क्षेत्र के गाँव सिसोरा सिसोरी गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने के कारण जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

शिवपुरी खंजी निवासी प्रेमचंद ने बताया कि उसने अपनी बेटी पुष्पा देवी की शादी बीती 15 जून 2025 को सिसोरा सिसोरी के रहने वाले अमरजीत के साथ धूमधाम से की थी। उसके ससुराल वालों के अनुसार बुधवार को पुष्पा के पति अमरजीत खेत में धान की रोपाई करने गए हुए थे, जबकि उनके पिता वीरपाल किसी रिश्तेदारी में बाहर गए थे। इसी बीच घर पर पुष्पा देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों को जब पुष्पा की गंभीर हालत की जानकारी मिली, तो उसे आनन-फानन में राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान ही पुष्पा देवी ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। मृतका के पिता प्रेमचंद ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही पुष्पा के ससुराल वाले खुश नहीं थे। वे लगातार अतिरिक्त दहेज के रूप में एक मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पुष्पा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पिता का आरोप है कि ससुराल वालों ने उनकी बेटी को कोई जहरीला पदार्थ खिलाकर उसकी हत्या की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर : रवि कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.