सहकारी समितियों में भर्ती व बंद गोशालाएं शुरू कराने की मांग, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
शामली : जनपद में सहकारी समितियों में रिक्त पड़े पदों पर जल्द भर्ती कराए जाने तथा बंद गोशालाओं को पुनः संचालित करने की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस के युवा प्रदेश महासचिव अशवनी शर्मा (सींगरा) के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी अर्चना शर्मा को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि जनपद की विभिन्न कोऑपरेटिव सोसायटियों में वर्ष 2016 से सचिव समेत कई पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन अब तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। कांग्रेस नेताओं ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के 17 फरवरी 2026 के आदेश का हवाला देते हुए प्रदेशभर में सहकारी समितियों में सीधी भर्ती और खुली प्रतियोगिता कराने की मांग उठाई।
कांग्रेस युवा प्रदेश महासचिव अशवनी शर्मा ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी को देखते हुए सरकार को रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती करानी चाहिए, ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार रोजगार देने के वादे पूरे करने में विफल रही है और युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं।
कांग्रेस नेता योगेश भारद्वाज ने कहा कि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है तथा सरकारी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित हैं। वहीं गोरक्षा दल जिलाध्यक्ष एवं युवा कांग्रेस जिलाउपाध्यक्ष वीशु शर्मा ऐरटी ने दुर्घटनाग्रस्त गोवंश के उपचार के लिए पशु एंबुलेंस सेवा शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि उपचार के अभाव में घायल गोवंश दम तोड़ देते हैं। साथ ही बंद पड़ी गोशालाओं को दोबारा संचालित करने की मांग भी उठाई गई।
पूर्व शहर अध्यक्ष लोकेश कटारिया ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताई, जबकि वीरपाल कुडाना ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए।
इस दौरान अशवनी शर्मा, योगेश भारद्वाज, लोकेश कटारिया, वीशु शर्मा, वीरपाल कुडाना, अंशुल कौशिक, एडवोकेट योगेश शर्मा, पुनीत शर्मा, मनीष तोमर, नरेश चौहान, अशवनी खोडसमा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा


No Previous Comments found.