उधार के रुपये मांगने पर घर में घुसकर हमला, मां-बेटी घायल

शामली : कांधला कस्बे में उधार के रुपये वापस मांगना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर महिला और उसकी नाबालिग भांजी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना कांधला नगर के मोहल्ला शेखजादगान की है। मोहल्ला निवासी नईम पुत्र सलीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन नजमा पत्नी कलीम ने नई बस्ती निवासी साजिद उर्फ वादी और वाजिद पुत्र अख्तर को 10 हजार रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि जब नजमा ने अपने पति कलीम के साथ रुपये वापस मांगे तो दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट की।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ देर बाद साजिद उर्फ वादी, वाजिद और साहिल पुत्र वाजिद धारदार हथियार लेकर कलीम के घर में घुस आए और हमला कर दिया। हमले में नजमा गंभीर रूप से घायल हो गईं। बीच-बचाव करने आई उनकी नाबालिग भांजी फलकाश पर भी हमला किया गया, जिससे उसकी नाक पर चोट आई।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों ने घायल मां-बेटी को कांधला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से नजमा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि नईम की तहरीर के आधार पर साजिद उर्फ वादी, वाजिद और साहिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.