धर्मांतरण प्रकरण में युवक का दावा: 12 साल पहले अपनाया इस्लाम, अब वापसी नहीं करूंगा

शामली :  कथित धर्मांतरण और निकाह प्रकरण में नया मोड़ सामने आया है। मामले में चर्चित युवक आयुष मालिक ने मीडिया के सामने दावा किया है कि उन्होंने करीब 12 वर्ष पहले अपनी इच्छा से इस्लाम धर्म स्वीकार किया था और अब किसी भी परिस्थिति में हिंदू धर्म में वापसी नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन पर धर्म परिवर्तन वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। मीडिया से बातचीत में आयुष ने बताया कि उनकी मुलाकात चांदनी नामक युवती से उस समय हुई थी, जब वह कंधे की चोट के उपचार के लिए एक फिजियोथेरेपी सेंटर जाते थे। उनके अनुसार, चांदनी वहीं कार्यरत थी और इसी दौरान दोनों के बीच परिचय बढ़ा, जो बाद में रिश्ते में बदल गया। आयुष का दावा है कि उन्होंने लगभग 12 वर्ष पहले इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया था और तब से उसी धर्म का पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि करीब चार वर्ष पूर्व उन्होंने चांदनी के साथ इस्लामिक रीति-रिवाजों के अनुसार निकाह भी किया था।

युवक के अनुसार, उन्होंने लंबे समय तक अपने परिवार को धर्म परिवर्तन की जानकारी नहीं दी थी। उनका कहना है कि उस समय उनकी बहनों के विवाह शेष थे, इसलिए उन्होंने यह बात परिवार से साझा नहीं की। बाद में सभी बहनों के विवाह होने के बाद उन्होंने अपने धर्म परिवर्तन और निकाह की जानकारी परिजनों को दी। आयुष ने यह भी दावा किया कि उन्होंने अपना नाम बदलकर "मोहम्मद अली" रख लिया है और भविष्य में अपने आधिकारिक दस्तावेज भी इसी नाम से बनवाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। गौरतलब है कि इस प्रकरण में पूर्व में धर्मांतरण और अन्य आरोपों को लेकर मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा प्रशासन भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। जांच पूरी होने और आधिकारिक निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.