लायंस क्लब शामली क्राउन के 25वें सेवा वर्ष का शुभारंभ, कांवड़ सेवा शिविर का विधायक प्रसन्न चौधरी व चेयरमैन अरविंद संगल ने किया उद्घाटन
शामली : समाज सेवा के 24 गौरवशाली वर्ष पूर्ण कर 25वें सेवा वर्ष में प्रवेश कर रहे लायंस क्लब शामली क्राउन द्वारा आयोजित "क्राउन शिव कांवड़ सेवा शिविर" का शुभारंभ सदर विधायक प्रसन्न चौधरी एवं नगर पालिका परिषद शामली के चेयरमैन अरविंद संगल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन के दौरान दोनों अतिथियों का आयोजकों ने अंगवस्त्र पहनाकर भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर कांवड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सेवा कार्यों की सराहना की।
शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए शीतल जल, रात्रि 8 बजे से गर्म दूध, जलेबी एवं घेवर, जलपान व अल्पाहार, निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक सेवाओं की व्यवस्था की गई है। यह सेवा शिविर 6 अगस्त से 9 अगस्त 2026 तक संचालित रहेगा।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष लायन अंकुर गोयल ने कहा कि क्लब का 25वां सेवा वर्ष नए उत्साह और समाज सेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी सदस्यों से सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
कांवड़ सेवा शिविर संयोजक लायन अंकित जैन ने कहा कि भगवान शिव की कृपा से यह शिविर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगा और भविष्य में भी क्लब इसी भावना के साथ समाजहित में कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने "हर-हर महादेव" एवं "वी सर्व (We Serve)" के उद्घोष के साथ समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर क्लब सचिव विजय संगल, कोषाध्यक्ष रुपेश गर्ग, प्रवक्ता विकास गोयल सहित क्लब के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.